रतलाम निगम के सम्मेलन में हंगामा : स्वास्थ्य अधिकारी सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप, आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल

रतलाम निगम के सम्मेलन में हंगामा : स्वास्थ्य अधिकारी सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप, आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल

स्वास्थ्य समिति प्रभारी ने लगाए गंभीर आरोप, आयुक्त भट्ट पर भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने का आरोप

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। सात माह बाद मंगलवार को रतलाम नगर निगम में साधारण सम्मेलन हंगामे के साथ शुरू हुआ। करीब आधे घंटे विलंब से शुरू हुए सम्मेलन के पहले दिन भोजन अवकाश से पूर्व काफी गहमागहमी नजर आई। भाजपा पार्षद रत्नदीप सिंह (शक्ति) के सवाल पर स्वास्थ्य समिति प्रभारी ने अपने ही विभाग के अधिकारी एपी सिंह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। स्वास्थ्य समिति प्रभारी विशाल शर्मा ने अपने स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह के खिलाफ सबूतों के साथ चार माह पूर्व की गई शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर आयुक्त हिमांशु भट्ट को आड़े हाथों लिया। इस दौरान समिति प्रभारी शर्मा को मायूस होकर यहां तक कहना पड़ा कि जिस विभाग के समिति प्रभारी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की सबूतों के साथ गंभीर शिकायत कर रहे हैं। आयुक्त भट्ट ऐसे अधिकारी को उत्कृष्ट कार्य का 26 जनवरी के मुख्य समारोह में सम्मानित करवा रहे हैं। 

मंगलवार सुबह रतलाम नगर निगम का साधारण सम्मेलन 11.30 बजे शुरू हुआ। कांग्रेस पार्षदों ने अपने वार्डों में विकास कार्य नहीं होने पर भेदभाव का आरोप लगाया है। बजट में संपत्ति कर बढ़ाने प्रस्ताव को लेकर भी निगम सभापति शर्मा की आसंदी के सामने पहुंच गए। सम्मेलन की शुरुआत हंगामेदार हुई। नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा ने राजीव गांधी सिविक सेंटर में लापरवाह अधिकारियों पर अभी तक क्या कार्रवाई हुई, इसे लेकर नगर निगम आयुक्त भट्ट से सवाल किया। आयुक्त भट्ट ने कोर्ट में मामला होने के कारण कुछ भी कहने से मना कर दिया। इस बात को लेकर भी जोरदार बहस से सदन गरमा गया।  सम्मेलन के पहले दिन  पूर्व उपायुक्त और वतर्मान लेखाधिकारी विकास सोलंकी पर बरती जा रही मेहरबानी को लेकर भी सवाल खड़े हुए। आयुक्त भट्ट पर आरोप लगा कि उनके द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षण दिया जा रहा है। यह रतलाम की जनता के हित में नहीं है। जनता ने जिस विश्वास पर उन्हें चुनकर भेजा है इसलिए सदन में सवाल करना उनकी जिम्मेदारी है। लोकायुक्त में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद लेखाधिकारी सोलंकी को अन्य कार्यों की नियम विपरित जिम्मेदारी देने के साथ मनमाने रूप से अवकाश दिया जा रहा है। पार्षदों का आरोप है कि यह आयुक्त भट्ट का संरक्षण नहीं तो और क्या है। सभापति मनीषा शर्मा को आयुक्त को निर्देशित करना पड़ा कि वह आगे से पूरी तैयारी के साथ ही सदन में मौजूद हो। निगम आयुक्त भट्ट द्वारा आधी-अधूरी जानकारी लेकर सदन के सदस्यों को जो जानकारी दी जाती है वह सही नहीं है। इसके अलावा लीज अवधी बढ़ाने के मुद्दे पर भी भाजपा पार्षदों ने असंतोष जाहिर किया। लीज पट्टों की अवधी बढ़ाने का प्रस्ताव अब राज्य शासन को भेजा जाएगा। प्रस्ताव में वर्तमान कलेक्टर गाइड लाइन के अलावा 25 प्रतिशत पैनल्टी लगाने पर सर्वानुमति हुई है।  

महापौर-11 भ्रष्टाचार में डूबी- नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष वर्मा ने सम्मेलन के शुरुआत में कहा कि महापौर-11 (एमआईसी) भ्रष्टाचार में डूबी है, तभी भाजपा पार्षद भगत भदौरिया ने इस बात पर आपत्ति ली। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस हुई। कांग्रेस पार्षद नासिर कुरैशी, मोहम्मद सलीम बागबान ने वार्डों में काम नहीं होने पर अधिकारियों से सवाल जवाब किया। सम्मेलन में भोजन अवकाश से पूर्व प्रश्नकाल के दौरान भाजपा पार्षद रत्नदीप सिंह (शक्ति)ने त्रिवेणी मेले में हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे पर निगम आयुक्त भट्ट द्वारा अब तक क्या कार्रवाई की इस पर सवाल पूछा। इस दौरान सभापति शर्मा ने समय सीमा की ओर ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान भाजपा पार्षद परमानंद योगी ने भाजपा पार्षदों के सवाल पर समय-सीमा पूरी होने और विपक्ष के पार्षदों को समय देने का गंभीर आरोप लगाया। इसी बीच रत्नदीप सिंह (शक्ति) ने स्वास्थ्य समिति प्रभारी विशाल शर्मा से नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह को लेकर जवाब मांगा। इस दौरान समिति प्रभारी शर्मा ने आयुक्त भट्ट से सवाल किया कि मेरे द्वारा 17 दिसंबर-2024 को सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार करने के गंभीर मुद्दे पर लिखित शिकायत सबूत सहित पेश की थी। इस पर आपके द्वारा क्या एक्शन लिया गया। इस पर आयुक्त भट्ट टालमटोल जवाब देते नजर आए, जिसको लेकर सदन में पक्ष-विपक्ष के पार्षदों के बीच जमकर नारजगी देखने को मिली।

भोजन अवकाश बाद इन मुद्दों पर होगी बहस

1) संपत्तिकर की दरों में 10 प्रतिशत की वृद्धि करने के प्रस्ताव पर चर्चा हंगामेदार हो सकती है। कारण आमजन को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है और संपत्तिकर में बढ़ोत्तरी करना न्याय संगत नहीं होगा।

2) शहर की प्रमुख सडक़ों पर प्राइवेट पार्किंग शुरू करने का प्रस्ताव भी चर्चा में लिया जाएगा। इस मुद्दे पर भी बहस इसलिए होगी कि नगर निगम के भ्रष्ट इंजीनियर और सब इंजीनियरों की जवाबदेही है कि वह निर्माण के दौरान नियमों का पालन कराए, लेकिन निर्माणकर्ताओं से सांठगांठ कर निर्माण कराया और वर्तमान में प्राइवेट पार्किंग शुरू करने का प्रस्ताव भी खटाई में पड़ सकता है।

3) अंबेडकर मांगलिक भवन भवन पोलोग्राउंड के पास जो खुली भूमि को निजी संस्थाओं से मेले व अन्य कार्यक्रम के लिए 1.30 रुपए वर्ग फिट के मान से शुल्क लिया जाता है। यह शुल्क 2023 से लिया जा रहा है। इसमें वृद्धि करते हुए 2 रुपए वर्ग फिट शुल्क लिए जाने का प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। इस प्रस्ताव पर सर्वानुमति से सहमति बन सकती है।

4) रतलाम के वार्ड क्रमांक 26 में फूल मंडी चौराहे से हाकीमवाडा तक की सडक का नाम हरमाला रोड से बदल कर विरांगना गुजरी माता पन्ना धाय रखा जाएगा। यह प्रस्ताव वार्ड क्रमांक 26 की पार्षद उमा रामचंद्र डोई ने रखा है। इस प्रस्ताव पर भी आम सहमति बन सकती है।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!