– डेलनपुर का गौरव पोरवाल 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बीयर के साथ गिरफ्तार, 65 हजार की अवैध शराब जब्त
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल अब शराब तस्करी के लिए भी होने लगा है। शनिवार रात आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेलनपुर निवासी गौरव पोरवाल को शराब से भरी कार के साथ गिरफ्तार किया। उसकी कार से 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बियर जब्त की गई, जिनकी कुल कीमत करीब 65 हजार रुपए बताई जा रही है।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरव पोरवाल नामक युवक अवैध रूप से शराब लेकर एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाला है। सहायक आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के निर्देशन में दो टीमें बनाई गईं। पहली टीम को धामनोद के पास लगाया गया, जबकि दूसरी टीम को शिवगढ़ के निकट तैनात किया गया। गौरव पोरवाल ने जब धामनोद के पास टीम को देखा, तो घबराकर कार का रुख शिवगढ़ की ओर मोड़ दिया। लेकिन आबकारी विभाग की सतर्कता के चलते शिवगढ़ के पास दूसरी टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
कार में भरी थी अवैध शराब
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिक्की से कुल 10 पेटी देसी शराब और 9 पेटी बियर बरामद हुईं। गौरव पोरवाल के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
टीम ने दिखाई मुस्तैदी
शराब तस्कर गौरव को पकड़ने वाली टीम में आबकारी उप निरीक्षक चेतन वेद के नेतृत्व में वंदना अग्रवाल, अर्पित पांडे, संतोष नेका, रामचरण पंवार, नगर सैनिक शंकर भूरिया और नरेंद्र भाटी शामिल रहे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी की इस कोशिश को नाकाम कर दिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


