– एक माह पहले हुई थी मृतक की शादी, 8 आरोपियों को लिया हिरासत में
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। जिले के बड़ोदिया गांव में बीती देर रात एक शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष हो गया। सरकारी स्कूल परिसर में लाठी-डंडे और पत्थरों से हुए हमले में 25 वर्षीय श्यामलाल की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतक की शादी महज एक महीने पहले हुई थी। श्यामलाल अपने परिवार का सहारा था। उसके परिवार में मां पेमाबाई, पिता रूपलाल, पत्नी पूजा और छोटा भाई संजय हैं। शादी के ठीक एक महीने बाद इस तरह की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना रतलाम से 10 किलोमीटर दूर स्थित गांव बड़ोदिया की है। श्यामलाल के चचेरे भाई दीपक की शादी का कार्यक्रम रविवार आधी रात को चल रहा था। समारोह में दीपक के गांव के दोस्त और कुछ बाहरी युवक भी शामिल हुए थे। शराब के नशे में पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। जहां घटना हुई, वह गांव का शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर था। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को पहले ही तोड़ दिया गया था, जिससे यह अंदेशा है कि हमले की साजिश पहले से रची गई थी। झगड़े की आवाज सुनकर जब गांव वाले पहुंचे तब तक हमलावर भाग चुके थे।
मृतक का भाई और रिश्तेदार भी घायल
हमले में श्यामलाल के साथ उसका छोटा भाई संजय और रिश्ते का भाई मनोज तथा दशरथ भी घायल हुए। संजय ने आरोप लगाया कि गांव के सुनील, गौरीशंकर और जगदीश ने इटावाखुर्द के युवकों को बुलाकर हमला करवाया।
12 पर केस दर्ज, 8 हिरासत में
रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि एक माह पूर्व डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में यह हमला किया गया। कुल 12 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। इनमें से 8 को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


