
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष्य पर शनिवार को रतलाम (Ratlam) शहर भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। जवाहर व्यायाम शाला परिवार (अम्बर ग्रुप) की ओर से दौलत जाट पहलवान के नेतृत्व में ‘सम्मान साफा (वाहन) रैली’ का भव्य आयोजन किया गया। रैली में हजारों युवाओं और शहरवासियों ने एक जैसे केसरिया साफे पहनकर भाग लिया। प्रतिभागियों के हाथों में तिरंगा और केसरिया ध्वज लहरा रहे थे, जो सांस्कृतिक गौरव और एकता का संदेश दे रहे थे।

परंपरागत रैली की उत्साह से शुरुआत रतलाम (Ratlam) के जवाहर व्यायामशाला परिसर से हुई। इससे पूर्व 20 से अधिक लोगों ने प्रतिभागियों को पारंपरिक तरीके से साफा पहनाकर सम्मानित किया। विशेष रूप से इस आयोजन के लिए राजस्थान के जोधपुर और पाली से साफे मंगवाए गए थे। रैली में एक मुस्लिम युवक केसरिया ध्वज थामे ढोल बजाता हुआ आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
भजनों की धुन पर आगे बढ़ा कारवां
साफा रैली में सबसे आगे बैण्ड और डीजे की धुन पर भगवान भोलेनाथ के भजन गूंज रहे थे। इनके पीछे मातृशक्ति केसरिया साफा पहने बाइक पर सवार होकर ध्वज लहराती नजर आईं। इसके पश्चात आयोजनकर्ता दौलत पहलवान, रतलाम (Ratlam) भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भाजपा नेता प्रवीण सोनी, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
शहर के प्रमुख मार्गों से होकर मंदिर पहुंची रैली
रैली व्यायामशाला परिसर से प्रारंभ होकर सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, लौहार रोड, धानमंडी नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घांस बाजार, चांदनी चौक और त्रिपोलिया गेट से होती हुई प्राचीन श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक और महाआरती की गई। Ratlam के विभिन्न स्थानों पर रैली का पुष्पवर्षा और स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।
साफा हमारी संस्कृति का प्रतीक
Ratlam के जवाहर व्यायामशाला के सूरज जाट ने वंदेमातरम् NEWS से चर्चा कर बताया कि साफा पहनना भारतीय संस्कृति और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच अपनी परंपराओं को जीवित रखना आवश्यक है। साफा पहनाकर हम एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पिछले 20 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसकी शुरुआत करीब 50 लोगों से हुई थी, जो आज हजारों की भागीदारी वाले भव्य आयोजन का रूप ले चुकी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


