


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय से 50 हजार रुपये की अवैध वसूली का प्रयास करने और राशि नहीं देने पर उनकी छवि धूमिल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर दीनदयाल नगर पुलिस थाना ने आरोपी मनोज शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खुद को पत्रकार बताकर लोगों पर दबाव बनाने और रुपये मांगने के गंभीर आरोप भी शिकायत में लगाए गए हैं।
हाट रोड पुलिया के पास हुई घटना
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे की बताई गई है। रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय पार्टी के कार्य से अपनी निजी कार में चालक और अन्य लोगों के साथ हाट रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान हाट रोड पुलिया के पास रतलाम निवासी मनोज शर्मा उनके वाहन के नजदीक पहुंचा।
रुपये नहीं देने पर छवि खराब करने की दी धमकी
शिकायतकर्ता प्रदीप उपाध्याय के मुताबिक, मनोज शर्मा ने उनसे रुपये की मांग की। मांग पूरी करने से इनकार करने पर आरोपी ने मीडिया में उनके खिलाफ उल्टा-सीधा लिखकर छवि खराब करने की धमकी दी। शिकायत में आरोपी पर दबाव बनाकर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है।
खुद को पत्रकार बताने का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मनोज शर्मा खुद को पत्रकार बताता है, जबकि वह किसी वैध मीडिया संस्थान से जुड़ा नहीं है। आरोपी पर इसी तरह अन्य लोगों पर दबाव बनाकर रुपये वसूलने की कोशिश करने के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दीनदयाल नगर थाने में मामला दर्ज
मामले में शिकायत मिलने के बाद दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मनोज शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों, शिकायत में लगाए गए आरोपों और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


