

रतलाम। विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानने, उनकी कला को सम्मान देने, व्यक्तित्व को निखारने और आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का सबसे सशक्त माध्यम मंच होता है। इसी भावना को साकार करते हुए साईं श्री इंटरनेशनल एकेडमी, (Sai Shri International Academy) रतलाम (Ratlam) में वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ का भव्य आयोजन किया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा, रचनात्मकता और अद्भुत प्रस्तुतियों से उपस्थित पालकों, दर्शकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



समारोह में मुख्य अतिथि रेलवे के महाप्रबंधक एवं डीआरएम अश्वनी कुमार, डॉ. अर्चना शर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप हुआ। अतिथियों का शंखनाद के साथ तिलक लगाकर स्वागत किया गया। ढोल-ताशों की गूंज के बीच लेजियम नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने स्वागत समारोह को विशेष बना दिया। इसके पश्चात स्वस्ति वाचन के पावन स्वर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ का विधिवत शुभारंभ हुआ।

संस्था पदाधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत
अतिथियों का स्वागत संस्था के डायरेक्टर राकेश देसाई, विनीता देसाई, संस्था प्राचार्य एवं डिस्ट्रिक्ट सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. श्वेता विंचुरकर तथा अध्यक्ष मनोज मित्तल ने किया। समिति के अध्यक्ष मनोज मित्तल, सचिव राजेश भार्गव, कोषाध्यक्ष श्याम विंचुरकर एवं धरेश देसाई का स्वागत नीतू भट्ट, सुलोचना तंवर, तनुप्रिया पाठक, पीनल देसाई एवं नेहुल देसाई ने किया।
नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने दिखाई प्रतिभा
वार्षिकोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता रही विद्यार्थियों की आयु और कक्षाओं के अनुरूप तैयार की गई विविधतापूर्ण प्रस्तुतियां। नर्सरी के बच्चों ने टॉय डांस, एलकेजी के विद्यार्थियों ने नेचर डांस और यूकेजी के नन्हे कलाकारों ने मनोरंजन की दुनिया पर आधारित प्रस्तुति दी। कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने जंगल सफारी, दूसरी के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, तीसरी कक्षा ने फैशन के अस्तित्व एवं बॉलीवुड जर्नी तथा चौथी कक्षा ने नव रस पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने भावनाओं के विभिन्न रंगों को मंच पर जीवंत किया। वहीं कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विकसित भारत की यात्रा, ‘यम हैं हम’ नाटक और ‘भारतीय शिक्षा की यात्रा : गुरुकुल से गूगल तक’ जैसी विषयवस्तु के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं समसामयिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
मलखंभ, एरियल और आत्मरक्षा के प्रदर्शन ने किया रोमांचित
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत साहसिक एवं शारीरिक कौशल से जुड़ी विधाएं रहीं। आत्मरक्षा में पारंगत बालिकाओं ने तलवारबाजी, बॉक्सिंग एवं अन्य शस्त्र कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर अपनी दक्षता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। वहीं एरियल, रोप मलखंभ और मलखंभ पर छोटे से लेकर बड़े विद्यार्थियों की हैरतअंगेज प्रस्तुतियों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। विद्यार्थियों के संतुलन, साहस, शारीरिक क्षमता और अनुशासन को देखकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विकसित भारत के निर्माण में विद्यार्थियों, पालकों और विद्यालय की अहम भूमिका : अश्वनी कुमार
मुख्य अतिथि अश्वनी कुमार ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में विकसित भारत की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को विकसित बनाने में विद्यार्थियों, पालकों और विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, कौशल और जिम्मेदारी की भावना से भी परिपूर्ण होना चाहिए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने विद्यार्थियों के मलखंभ प्रदर्शन और खेलकूद के क्षेत्र में विद्यालय की अग्रणी भूमिका की सराहना की। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी से पानी का उपयोग संभलकर एवं जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. श्वेता विंचुरकर ने बताई भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की जरूरत
संस्था प्राचार्य डॉ. श्वेता विंचुरकर ने अपने प्रभावशाली संबोधन में पालकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान परिस्थितियों में उचित आचरण, सकारात्मक सोच और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अनिश्चित भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुकूलन क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना जरूरी है। इस अवसर पर उन्होंने संस्था एवं विद्यार्थियों की गौरवशाली उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।
प्रतिभावान विद्यार्थी रुद्राणी तांडेल को मिली 25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
समारोह का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी प्रसंग संस्था अध्यक्ष मनोज मित्तल द्वारा किया गया छात्रवृत्ति का ऐलान रहा। उन्होंने अपनी स्वर्गीय माताजी शकुंतला देवी मित्तल की स्मृति में प्रतिवर्ष 25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थी को प्रदान करने की घोषणा की। इसी क्रम में इस वर्ष की छात्रवृत्ति कुमारी रुद्राणी तांडेल को प्रदान की गई। इस पहल को विद्यार्थियों की शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय कदम माना गया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत से साकार हुआ ‘अस्तित्व’
इस वार्षिकोत्सव की एक और खास विशेषता यह रही कि कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा संस्था की अपनी टीम ने तैयार की। कार्यक्रम की स्क्रिप्ट, संवाद, वेशभूषा, संगीत प्रभाव और ग्राफिक्स सहित सभी रचनात्मक पहलुओं को प्राचार्या के मार्गदर्शन में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने स्वयं तैयार किया। इससे विद्यार्थियों को केवल मंच पर प्रस्तुति देने का ही नहीं, बल्कि आयोजन की पूरी प्रक्रिया में सहभागी बनने का भी अवसर मिला।
विद्यार्थियों ने संभाली मंच संचालन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन कनिष्ठा सोनी एवं प्रफुल्ल शर्मा ने किया। अतिथि परिचय प्रांजल गोयल ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री वीरेंद्र कुमार होरा ने किया। कार्यक्रम में विहान देसाई, अविशा, अंशिका, वैष्णवी, निहारिका, आयुष, शान्वी, देवांशु, राइलन, नविका, श्रिया, तनिष, सुहानी, आर्या, आरव, आदित्य एवं अमन यादव सहित विद्यार्थियों ने भी संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस प्रकार साईं श्री इंटरनेशनल एकेडमी का वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का यादगार उत्सव बनकर सामने आया। समारोह ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे में एक विशिष्ट प्रतिभा होती है और उसे पहचानने एवं निखारने के लिए सही मंच और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



