


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज (Royal College) के कॉमर्स एवं मैनेजमेंट डिपार्टमेंट द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण और जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘IGNITE – The Beginning’ का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जीवन कौशल, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, नियमितता, साइबर सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Asp) विवेक कुमार ने विद्यार्थियों को नारकोटिक्स, साइबर फ्रॉड और अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों के तरीके लगातार बदल रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और सावधान रहना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संकट की जानकारी मिलने पर पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित करना चाहिए। साथ ही पीड़ित व्यक्ति और परिवार की मदद के लिए आगे आकर सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रतलाम पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ. संयोगिता सिंह एवं जन शिक्षण संस्थान की पूर्व निदेशक कल्पना पुरोहित उपस्थित रहीं। डॉ. संयोगिता सिंह ने समय एवं जीवन प्रबंधन विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए समय के महत्व, अनुशासन और दैनिक जीवन में समय के बेहतर उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए समय का सही नियोजन करने और अपनी प्राथमिकताएं निर्धारित करने की प्रेरणा दी।
वहीं कल्पना पुरोहित ने जीवन का लक्ष्य एवं नियमितता विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी मुकाम को हासिल करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और निरंतर प्रयास करना बेहद जरूरी है। नियमितता, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प ही सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। विशेषज्ञों के प्रेरणादायी उद्बोधनों के बाद कॉमर्स एवं मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ड्रामा, लोक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। इन प्रस्तुतियों ने आयोजन को ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ मनोरंजक और यादगार भी बना दिया।
इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। इनमें एजुकेशन डिपार्टमेंट की प्राचार्या डॉ. आर.के. अरोड़ा, कॉमर्स डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा, मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की विभागाध्यक्ष प्रो. मृदुला उपाध्याय, लाइफ साइंस डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल, साइंस डिपार्टमेंट की विभागाध्यक्ष प्रो. दीपिका कुमावत सहित डॉ. हिमांशु बैरागी, प्रो. कमल पाटीदार, प्रो. प्रियंका दवे, प्रो. यक्षेंद्र हरोर, प्रो. मीनाक्षी गोयल, प्रो. कहकशा चिश्ती, प्रो. राजलक्ष्मी जैन एवं प्रो. अदिति पारीक उपस्थित रहीं। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। संचालन डिपार्टमेंट के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। अंत में रॉयल कॉलेज के प्रशासक दिनेश राजपुरोहित ने आभार माना।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


