
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
शोर करने से मना करना इंदिरा नगर के एक परिवार को बीती रात भारी पड़ गया। आरोपियों ने ऐसा कोहराम मचाया की फरियादी और परिवार के सदस्यों को जान बचाने के लिए पड़ोसी के यहाँ छिपना पड़ा। पुलिस के पहुंचने पर पीड़ित परिवार जब बाहर निकला, तब तक आरोपियों ने उनके घर की टीवी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन सहित अन्य कीमती सामान तोड़ दिया।


औद्योगिक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि इंदिरा नगर में दो पड़ोसियों का पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी अभिमन्यू पिता जगधारी नाविक को फरियादी आंनद मौर्य ने शोर करने से मना किया था। दरसअल आरोपी अभिमन्यू का लोहे का कारखाना है, जिससे पूरे समय शोर होता है। फरियादी मौर्य के अनुसार रात करीब 10 बजे शोर की आवाज बंद करने की बात कही तो आरोपी अभिमन्यू बिफर गया। उसने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर ईंट फेंकना शुरू कर हमला बोल दिया। अचानक हमले से मौर्य परिवार घबराया और एक अन्य पड़ोसी के घर छिपना पड़ा। इस दौरान आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को तोड़कर खत्म कर दिया। पुलिस ने अभिमन्यू सहित 3 अन्य आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 458, 427,323,294 एवं 504 में मुकदमा दर्ज किया है।




Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


