Ratlam : लेफ्ट इंडिकेटर बना लूट का सिग्नल, होंडा शोरूम का सर्विस मैनेजर भी शामिल

- जावरा में नाकाम कोशिश के बाद रतलाम में दिया वारदात को अंजाम

Advertisements
Robbery in Ratlam solved

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। व्यापारी की कार का लेफ्ट इंडिकेटर जलते ही अंधेरी रात में बाइक सवार बदमाशों को लूट का इशारा मिल गया और चंद सेकंड में 8 लाख 15 हजार रुपए से भरा बैग लेकर बदमाश फरार हो गए। रतलाम (Ratlam) के महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने हुई इस सनसनीखेज लूट का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि व्यापारी का ड्राइवर निकला। हैरानी की बात यह है कि इस साजिश में इंदौर के होंडा शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर काम करने वाला मैकेनिकल इंजीनियर भी शामिल था। जावरा में लूट की पहली कोशिश नाकाम होने के बाद आरोपियों ने रतलाम में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 लाख 21 हजार रुपए नकद सहित लूट में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अमित कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने षडयंत्र बेहद शातिराना तरीके से तैयार किया था। व्यापारी के साथ कलेक्शन पर जाने वाला ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू ही पूरी साजिश का सूत्रधार था। उसे व्यापारी के कारोबार, कलेक्शन की रकम और आने-जाने के रास्तों की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उसने अपने दो साथियों के साथ लूट की योजना तैयार की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी विवेक कुमार और स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम भी मौजूद रहे।

Advertisements

सर्विस मैनेजर भी बना लूट की वारदात का आरोपी

पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें चेतन मंडलोई (26) पिता कमल मंडलोई निवासी द्वारकापुरी, इंदौर भी शामिल है। चेतन मैकेनिकल इंजीनियर है और इंदौर के होंडा शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत था। तकनीकी क्षेत्र में नौकरी करने वाले चेतन ने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी को लूटने की योजना बनाई।दूसरा आरोपी राजकुमार (37) पिता जीवनलाल रायकवार निवासी बीजलपुर, इंदौर है। जबकि तीसरा आरोपी गजानंद उर्फ गोलू (33) पिता विष्णु भिड़े निवासी रंगवासा, राऊ, इंदौर है। गजानंद व्यापारी के साथ ड्राइवर के रूप में कलेक्शन पर जाता था और इसी दौरान उसने अपने साथियों को लूट की योजना में शामिल किया।

कलेक्शन के दौरान 8.15 लाख रुपए पर बिगड़ी ड्राइवर की नीयत

फरियादी हर्षित (34) पिता नरेंद्र चंदाना निवासी इंदौर कन्फेक्शनरी उत्पादों, जैसे गोली, बिस्किट और चॉकलेट की मार्केटिंग का व्यवसाय करते हैं। उनका कारोबार रतलाम, मंदसौर, नीमच और जावरा सहित कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। 19 नवंबर 2026 को हर्षित अपने ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू के साथ एक दोस्त की कार से इंदौर से मंदसौर, नीमच और रतलाम में व्यापारियों से कलेक्शन करने निकले थे। अलग-अलग स्थानों से रकम एकत्रित करने के बाद उनके पास कुल 8 लाख 15 हजार 510 रुपए हो गए थे। पुलिस के मुताबिक गजानंद कोई पुराना और स्थायी कर्मचारी नहीं था। वह पिछले दो-तीन दौरों में ही व्यापारी के साथ कलेक्शन पर गया था। इसी दौरान उसे व्यापारियों से मिलने वाली रकम और यात्रा के पूरे कार्यक्रम की जानकारी हो गई। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रकम लूटने का षड्यंत्र रच दिया।

जावरा में नाकाम रहे तो रतलाम तक किया पीछा

आरोपियों ने सबसे पहले जावरा में व्यापारी को लूटने की कोशिश की, लेकिन उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद भी उन्होंने पीछा करना नहीं छोड़ा और व्यापारी की कार के पीछे-पीछे रतलाम तक पहुंच गए। महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने पहुंचते ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर ली। इस दौरान कार चला रहे गजानंद ने लेफ्ट इंडिकेटर देकर अपने साथियों को संकेत दिया। पहले से तय इशारा मिलते ही बाइक सवार बदमाशों ने कार को निशाना बनाया और रुपयों से भरा काला बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से व्यापारी सकते में आ गया। घटना के बाद फरियादी ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले

लूट की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल, सीसीआर और इंट्रोगेशन टीम गठित की गई पुलिस ने घटनास्थल से लेकर करीब 150 से 200 किलोमीटर के दायरे में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही घटनास्थल का पीएसटीएन डाटा प्राप्त कर तकनीकी विश्लेषण किया गया। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, व्यापारी के ड्राइवर गजानंद की भूमिका संदिग्ध होती चली गई। पूछताछ में गजानंद के जवाब संतोषजनक नहीं मिले। उसकी गतिविधियों और मोबाइल संपर्कों की पड़ताल की गई तो चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ उसकी नजदीकियां सामने आईं। तीनों के एक साथ उठने-बैठने और शराब पीने की जानकारी भी पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने चेतन और राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने गजानंद के साथ मिलकर लूट की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता गजानंद को भी गिरफ्तार कर लिया।

6.21 लाख रुपए नकद, अपाचे बाइक और बैग बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 6 लाख 21 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया काले रंग का बैग, कलेक्शन से संबंधित दस्तावेज और डायरी भी जब्त की गई है। आरोपियों ने वारदात में लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने करीब एक लाख रुपए कीमत की इस बाइक को भी बरामद कर लिया है। इस तरह पुलिस ने लूटी गई कुल रकम का बड़ा हिस्सा बरामद करने में सफलता हासिल की है।

इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई एसपी अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में की गई। स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में निरीक्षक अय्यूब खान, निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन, उपनिरीक्षक दीपक यादव, गुलाब सिंह सहित साइबर सेल, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, नीलेश पाठक, अभिषेक पाठक, आरक्षक मयंक व्यास, सीसीआर टीम और स्टेशन रोड थाने के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!