Ratlam : केमिकल युक्त ताड़ी का जानलेवा कारोबार, 30 रुपए में बिक रही नशे की पोटली

- वंदेमातरम् न्यूज का स्टिंग ऑपरेशन, पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

Advertisements
Deadly trade in chemical-laced toddy in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के आदिवासी अंचल में सस्ते नशे के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ का बेखौफ खेल जारी है। रतलाम जिले के शिवगढ़, रावटी, सैलाना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में केमिकल युक्त ताड़ी के अवैध कारोबार का नेटवर्क संचालित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह कारोबार ऐसे समय में जारी है, जब सागर जिले में जहरीली शराब से होने वाली मौतों की घटनाएं पूरे मध्य प्रदेश के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे में रतलाम के आदिवासी अंचल में बिक रही संदिग्ध नशीली ताड़ी कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

वंदेमातरम् NEWS के कैमरों में कैद ऑपरेशन

वंदेमातरम् न्यूज के सात दिवसीय पड़ताल और स्टिंग ऑपरेशन में इस अवैध कारोबार से जुड़े चौंकाने वाले दृश्य सामने आए हैं। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सैलाना रोड पर शासकीय उचित मूल्य की दुकान (कंट्रोल) के समीप एक दंपती कथित तौर पर संदिग्ध केमिकल युक्त ताड़ी की पोटली महज 30 रुपए में बेचता कैमरे में कैद हुआ। स्थानीय स्तर पर इसे ताड़ी के नाम से बेचे जाने वाले नशीले पदार्थ के रूप में बताया जा रहा है। 

Advertisements

थाने से कुछ दूरी पर खुलेआम बिक्री

वंदेमातरम् न्यूज को क्षेत्र के जागरूक रहवासियों ने क्षेत्र में संदिग्ध ताड़ी के अवैध कारोबार की जानकारी दी थी। रहवासियों का आरोप है कि मामले की थाने में सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामले की पड़ताल के लिए वंदेमातरम् न्यूज की टीम ने लगातार सात दिनों तक जानकारी जुटाई और मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट तैयार की। 

स्टिंग ऑपरेशन के दौरान शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सैलाना रोड स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान के समीप एक दंपती कथित तौर पर 30 रुपए प्रति पोटली के हिसाब से ताड़ी बेचता नजर आया। महिला की पहचान स्थानीय स्तर पर ज्योति पति नागराज मुद्रराज के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि महिला मूल रूप से हैदराबाद निवासी है और पिछले कुछ समय से शिवगढ़ क्षेत्र में रह रही है।

सैलाना से बाजना और रावटी तक फैले कारोबार की शिकायतें

मामला केवल शिवगढ़ तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सैलाना, आडवाणिया, बाजना, शिवगढ़, रावटी और आसपास के छोटे-छोटे गांवों में भी सस्ते नशे के इस जानलेवा अवैध कारोबार की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर नशीला पदार्थ उपलब्ध होने के कारण बड़ी संख्या में लोग इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। यदि इसमें वास्तव में खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल हो रहा है तो यह स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। जिम्मेदारों के लिए जरूरी है कि इस जानलेवा नशे की बिक्री के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पदार्थ के नमूने लेकर उनकी वैज्ञानिक जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को उजागर किया जाए।

पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे इस कारोबार की जानकारी संबंधित जिम्मेदार विभागों को होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। कुछ सूत्रों ने अवैध कारोबार के पीछे कथित रूप से बीट स्तर से लेकर थाना स्तर तक अवैध वसूली और बंदी के खेल की आशंका भी जताई है। अहम सवाल यह है कि थानों को लगातार सूचनाएं मिलने के बावजूद अवैध बिक्री पर अंकुश नहीं लग रहा है तो पुलिस और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए। 

सागर में जहरीली शराब से 37 मौतों की घटना के बाद भी सबक नहीं?

मध्य प्रदेश के सागर जिले में सितंबर 2026 में जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। बंडा तहसील और आसपास के क्षेत्रों में इस घटना में विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार मृतकों की संख्या 37 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। शराब में मिथाइल अल्कोहल की मिलावट और अवैध सप्लाई के पहलुओं की भी जांच की गई थी। सागर की इस भयावह घटना के बाद भी यदि रतलाम के आदिवासी अंचल में संदिग्ध नशीले पदार्थों की बिक्री जारी है तो यह प्रशासनिक सतर्कता पर बड़ा सवाल है। समय रहते जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो किसी गंभीर जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।

अब प्रशासन की जवाबदेही तय करने की जरूरत

वंदेमातरम् न्यूज के स्टिंग ऑपरेशन के बाद अब रतलाम जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराएं। अवैध ताड़ी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाए, अवैध बिक्री के ठिकानों की पहचान की जाए और पूरे नेटवर्क की जांच हो। सबसे अहम सवाल यही है कि आदिवासी अंचल में लोगों की सेहत और जिंदगी से कथित तौर पर खिलवाड़ करने वाला यह कारोबार आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं या समय रहते इस जानलेवा आशंका पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई होगी?

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!