

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के आलोट निवासी एक युवक का नाम देशभर में फैले साइबर ठगी (Cyber Fraud) के नेटवर्क में सामने आया है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनमें ठगी की रकम का लेनदेन करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य सरगना पप्पू उर्फ पंकज मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह लोगों को महज 10-10 हजार रुपए का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था और फिर इन खातों का इस्तेमाल देश के अलग-अलग राज्यों में की जा रही ऑनलाइन ठगी की रकम मंगवाने के लिए करता था। जांच में उसके इस्तेमाल किए गए एक बैंक खाते के खिलाफ तमिलनाडु और तेलंगाना में भी साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं।
10 हजार रुपए देकर खाते का पूरा नियंत्रण लेता था आरोपी
इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद फेडरल बैंक के एक संदिग्ध म्यूल अकाउंट की जांच की गई। तकनीकी पड़ताल में खाते का मूल धारक इंदौर निवासी अंशु सामने आया। पूछताछ में पता चला कि अंशु ने 10 हजार रुपए लेकर अपने बैंक खाते का पूरा संचालन रतलाम जिले के आलोट की मीना कॉलोनी निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा पुत्र काशीराम मीणा को सौंप दिया था। इसके बाद पंकज इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी (Cyber Fraud) से प्राप्त रकम के लेनदेन के लिए कर रहा था। पुलिस ने खाता उपलब्ध कराने वाले अंशु के खिलाफ भी धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
दो राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों से जुड़ा बैंक खाता
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित बैंक खाते के माध्यम से हुई संदिग्ध गतिविधियों को लेकर तमिलनाडु के कल्लाकुरिची साइबर क्राइम थाने और तेलंगाना के मलकाजगिरी साइबर क्राइम थाने में भी शिकायतें दर्ज हैं। इससे आरोपी के नेटवर्क के दूसरे राज्यों तक फैले होने की आशंका सामने आई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पप्पू मीणा इसी तरीके से अन्य लोगों को 10-10 हजार रुपए देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था। इन खातों का इस्तेमाल भी साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) की रकम प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने में किया जाता था। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से अन्य बैंक खातों, गिरोह के सदस्यों और साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर भी 10 हजार में खरीदा बैंक खाता
इसी तरह इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल के लिए बैंक खाते खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीआई राजकुमार यादव की टीम ने मंदसौर जिले के धरियाखेड़ी निवासी शुभम पुत्र विनोद मालवीय को पकड़ा है। आरोपी के पास से एसबीआई की चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। ये दस्तावेज रतलाम (Ratlam) के सांवलिया बैंकिंग पॉइंट से जुड़े विनोद के नाम पर बताए गए हैं। पूछताछ में शुभम ने पुलिस को बताया कि उसने यह बैंक खाता 10 हजार रुपए में खरीदा था। पुलिस अब इस मामले में भी दूसरे बैंक खातों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। दोनों मामलों ने बैंक खातों को कमीशन या लालच के बदले दूसरों को सौंपने के जरिए साइबर अपराधों को अंजाम देने वाले नेटवर्क पर सवाल खड़े किए हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



