

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के जावरा फाटक क्षेत्र में छह साल पहले हुए चर्चित हत्याकांड के मामले में न्यायालय ने मुख्य आरोपी साहिल खान (27) पिता सत्तार खान, निवासी सम्यक गोल्ड कॉलोनी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव ने प्रकरण की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। वहीं, मामले में आरोपी बनाए गए साहिल के दो भाइयों सिराज खान और एजाज उर्फ एजु को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया। न्यायालय से सजा सुनाए जाने के बाद पुलिस ने साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि मृतक मोहम्मद युनूस खान निवासी हाट की चौकी और आरोपी साहिल खान आपस में रिश्तेदार थे। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते 21 सितंबर 2020 को सुबह करीब 11.30 बजे जावरा फाटक रोड स्थित रिक्शा स्टैंड चौराहे पर दोनों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान साहिल ने लोहे के खंजर से मोहम्मद युनूस के सीने के बाएं हिस्से में जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युनूस को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई आरिफ खान की रिपोर्ट पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
हृदय में गहरा घाव बना मौत की वजह
प्रकरण की सुनवाई के दौरान आरोपी साहिल की ओर से बचाव में दलील दी गई कि विवाद की शुरुआत मृतक युनूस ने की थी और उसने आत्मरक्षा में हमला किया था। आरोपी ने अपने बचाव में खुद को घायल होना भी बताया। हालांकि, न्यायालय ने मेडिकल साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों का परीक्षण करने के बाद आत्मरक्षा की दलील को स्वीकार नहीं किया। न्यायालय ने पाया कि साहिल को आई चोटें साधारण प्रकृति की थीं, जबकि मृतक के हृदय में लोहे के खंजर से सीधा और गहरा घातक वार किया गया था। इसी चोट के कारण उसकी मौत हुई थी।
घटना के आठ घंटे बाद दर्ज कराई थी रिपोर्ट
आरोपी साहिल ने अपने बचाव को मजबूत करने के लिए रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती होने और थाने में अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाने का भी आधार लिया था। न्यायालय ने इस पहलू की भी बारीकी से जांच की। सुनवाई में सामने आया कि साहिल के अस्पताल में भर्ती होने का निश्चित समय प्रमाणित नहीं हो सका। इसके अलावा उसने घटना के करीब आठ घंटे बाद अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने में हुई देरी का कोई विश्वसनीय और संतोषजनक कारण भी सामने नहीं आया। न्यायालय ने इन परिस्थितियों को महत्वपूर्ण मानते हुए आरोपी की आत्मरक्षा संबंधी दलील को अस्वीकार कर दिया।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से दो भाई हुए दोषमुक्त
इस हत्याकांड में साहिल के दो भाइयों सिराज खान और एजाज उर्फ एजु को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन से यह तथ्य सामने आया कि वारदात के समय एजाज उज्जैन में था, जबकि सिराज रतलाम में घटनास्थल से अलग किसी अन्य स्थान पर मौजूद था। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों भाइयों की घटना में मौजूदगी प्रमाणित नहीं पाए जाने पर उन्हें दोषमुक्त कर दिया।
जुलाई 2025 में मिली थी जमानत
प्रकरण में मुख्य आरोपी साहिल खान को जुलाई 2025 में जमानत मिली थी। करीब छह साल पुराने इस हत्याकांड में न्यायालय ने अब उसे दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। फैसले के बाद पुलिस ने साहिल को अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया।
21 गवाहों के बयान हुए थे दर्ज
मामले की विवेचना तत्कालीन स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने की थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का खंजर बरामद किया था। प्रकरण में कुल 21 गवाहों के बयान दर्ज करवाए गए। पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के परीक्षण के बाद न्यायालय ने मुख्य आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



