

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। हरियाणा के रोहतक जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में रतलाम (Ratlam) के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनका 22 वर्षीय बेटा शामिल है। तीनों रतलाम के इंद्रानगर क्षेत्र के निवासी थे। परिवार अपनी कार से पंजाब स्थित पैतृक गांव जा रहा था, तभी शुक्रवार सुबह रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर निवासी करमजीत गुरुवार शाम पत्नी और बड़े बेटे के साथ कार से पंजाब के लिए रवाना हुए थे। कार स्वयं करमजीत चला रहे थे। शुक्रवार सुबह हरियाणा के रोहतक जिले के घिलौड़ गांव के समीप उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार सवार तीनों की मौत हो गई।
हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। तीनों मृतकों के शव रोहतक के अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखवाए गए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद रतलाम से उनके परिजन रोहतक के लिए रवाना हो गए हैं।
रतलाम में दादा-दादी के पास है छोटा बेटा
परिवार का छोटा बेटा रतलाम में ही अपने दादा-दादी के पास था। बताया जा रहा है कि करमजीत के माता-पिता को फिलहाल इस हृदयविदारक हादसे की जानकारी नहीं दी गई है। परिवार पंजाब में अपने पैतृक गांव जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। रतलाम के इंद्रानगर क्षेत्र में हादसे की खबर पहुंचने के बाद शोक का माहौल है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



