

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर के आनंद कॉलोनी रोड स्थित वन स्टॉप सेंटर से 17 वर्षीय किशोरी के भागने का मामला सामने आया है। सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए किशोरी ने पहले महिला कर्मचारी को धक्का दिया और फिर दूसरी चाबी से गेट का ताला खोलकर बाहर निकल गई। घटना के करीब 40 घंटे बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वन स्टॉप सेंटर प्रशासन ने स्टेशन रोड थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। घटना के बाद सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कर्मचारी को धक्का दिया, दूसरी चाबी से खोला ताला
जानकारी के अनुसार, किशोरी को पारिवारिक विवाद के चलते महिला थाना पुलिस ने वन स्टॉप सेंटर भेजा था। सेंटर में रहने के दौरान उसने मौका पाकर वहां तैनात महिला कर्मचारी को धक्का दिया और दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर मेन गेट के बाद वाले दूसरे गेट का ताला खोल लिया। इसके बाद वह सेंटर से बाहर निकल गई। सेंटर की प्रशासक के मुताबिक, घटना के समय सुरक्षा गार्ड वॉशरूम गया हुआ था। इसी दौरान किशोरी ने मौके का फायदा उठाकर भागने में सफलता हासिल कर ली।
बड़ी बहन से विवाद के बाद पहुंची थी महिला थाने
किशोरी के पिता के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 की शाम को उनकी बड़ी और छोटी बेटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों बेटियां महिला थाने पहुंची थीं। पुलिस ने दोनों को समझाइश देकर घर जाने के लिए कहा, लेकिन 17 वर्षीय छोटी बेटी ने घर लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। पिता का कहना है कि उस समय वह शहर से बाहर थे और सोमवार शाम करीब 6 बजे लौटने के बाद बेटी से मिलने सेंटर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
पिता ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
पिता का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी सेंटर से गायब हो गई है। उन्होंने सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी वन स्टॉप सेंटर प्रशासन की होगी। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि उन पर बेटी को भड़काने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि सेंटर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए थे।
प्रशासक बोलीं– पिता से बातचीत के बाद भागी युवती
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुषमा यादव ने बताया कि सोमवार शाम युवती के पिता सेंटर पहुंचे थे। उनकी बेटी से खिड़की के माध्यम से बातचीत करवाई गई थी। प्रशासक का आरोप है कि बातचीत के दौरान पिता युवती को भड़का रहे थे, जिसके बाद उसने भागने का प्रयास किया और सेंटर से निकल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन रोड थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। प्रशासक ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने स्वयं जावरा क्षेत्र तक जाकर युवती की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस कर रही युवती की तलाश
स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक की ओर से सोमवार देर शाम युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



