Ratlam : बदमाशों से भिड़कर व्यापारी ने छुड़ाया बैग, फिर लौटे बदमाश और लूट ले गए 8.15 लाख

-  बदमाशों ने पत्थर मारकर कार का कांच फोड़ा, व्यापारी और ड्राइवर घायल

Advertisements
Ratlam-Indore Four-lane

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम-इंदौर फोरलेन (Ratlam-Indore Four-lane) पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लूट की एक ऐसी वारदात हुई, जिसमें बदमाशों और व्यापारी के बीच दो बार संघर्ष हुआ। बाइक सवार दो बदमाश व्यापारी की कार से रुपयों से भरा बैग लेकर भागे तो व्यापारी और उसके ड्राइवर ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और छीनाझपटी के बाद बैग वापस भी छुड़ा लिया। दोनों को लगा कि बदमाश भाग चुके हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद वे दोबारा लौटे और पत्थर मारकर कार का कांच फोड़ दिया। इसके बाद व्यापारी के पास रखा बैग फिर छीनकर फरार हो गए। बैग में 8 लाख 15 हजार 510 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। बदमाशों से संघर्ष में व्यापारी और उसका ड्राइवर घायल हो गए।

वारदात बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 11.15 बजे रतलाम में महिंद्रा शोरूम के सामने हुई। घटना की सूचना मिलते ही रतलाम एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Advertisements

दोस्त की कार से निकला था व्यापारी

इंदौर निवासी हर्षित पिता नरेंद्र चंदाना कन्फेक्शनरी मार्केटिंग का काम करते हैं। उनका गोली, बिस्किट और चॉकलेट का कारोबार है। वे रतलाम, नीमच, मंदसौर, जावरा, कुक्षी, मनावर और अलीराजपुर सहित अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापारियों को माल सप्लाई करते हैं। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि 17 नवंबर को वह अपने ड्राइवर गजेंद्र भिड़े के साथ दोस्त की कार क्रमांक MP-09 डीजे9076 से इंदौर से निकले थे। इस दौरान उन्होंने रतलाम और नीमच में व्यापारियों से नकदी का कलेक्शन किया। इसके बाद रात में मंदसौर पहुंचकर होटल में रुके। 18 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे मंदसौर में भी व्यापारियों से रुपए लेने के बाद इंदौर के लिए रवाना हुए। रास्ते में जावरा के एक होटल पर व्यापारी दोस्तों के साथ खाना खाया और फिर इंदौर के लिए निकल पड़े।

रुके तो बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला

रात करीब 11.15 बजे वे रतलाम के पास महिंद्रा शोरूम के सामने व्यापारी पेशाब करने के लिए रुके थे। व्यापारी कार के पीछे की तरफ था, जबकि ड्राइवर गाड़ी के सामने खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश कार के पीछे पहुंचे और उसमें रखा रुपयों व दस्तावेजों से भरा बैग निकालकर भागने लगे। बदमाशों को बैग लेकर भागते देख व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान बैग को लेकर जमकर छीना-झपटी हुई। ड्राइवर भी मौके पर पहुंचा और बदमाशों से भिड़ गया। दोनों ने मुकाबला करते हुए बदमाशों से बैग छुड़ा लिया और वापस अपनी कार में रख दिया।

कुछ देर बाद पत्थर मारकर फोड़ा कार का कांच

व्यापारी और ड्राइवर को लगा कि बदमाश भाग चुके हैं और खतरा टल गया है, लेकिन बदमाशों के इरादे कुछ और ही थे। वे कुछ ही देर बाद दोबारा मौके पर लौटे। इस बार उन्होंने पत्थर मारकर कार का कांच फोड़ दिया और व्यापारी के पास रखा रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इस तरह बदमाशों ने एक ही वारदात में दो बार बैग लूटने की कोशिश की और दूसरी बार सफल होकर भाग निकले। घटना में व्यापारी हर्षित के सिर, हाथ और पैरों में चोट आई, जबकि ड्राइवर गजेंद्र के सिर और बाएं पैर में चोट लगी। बैग में कुल 8 लाख 15 हजार 510 रुपए नकद और जरूरी कागजात रखे हुए थे।

एसपी सहित पुलिस अधिकारी पहुंचे

घटना के बाद व्यापारी ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम और औद्योगिक थाना प्रभारी अमित कोरी सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारी और ड्राइवर से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!