
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) में ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित सिद्ध तीर्थ श्री बरबड़ हनुमान (Barbad Hanuman) मंदिर में इन दिनों भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल चरम पर है। मंदिर परिसर में आयोजित भव्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं ध्वज-कलश स्थापना महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव की पवित्र प्रक्रिया के दूसरे दिन वैदिक रीति से यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें 1000 आहुतियां समर्पित की गईं। यज्ञ के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की मूर्तियों का अन्न में अधिवास विधि सम्पन्न की गई। यह अधिवास प्रक्रिया प्राण-प्रतिष्ठा से पहले की महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से मूर्तियों में दैवीय ऊर्जा का आवाहन किया जाता है।
महोत्सव के प्रमुख आयोजन की जानकारी एवं आमंत्रण को लेकर आज 28 नवंबर 2025 को विशाल आव्हान रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली शाम 4 बजे रतलाम (Ratlam ) के महलवाड़ा से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरेगी। रैली में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, साधु-संत, महिला मंडल, भजन मंडलियाँ तथा श्रद्धालु शामिल होंगे। रैली के दौरान ढोल-ताशों, वाहन सजावट और धार्मिक ध्वज के साथ भक्ति का उत्साह देखने को मिलेगा। मंदिर ट्रस्ट ने रतलाम ( Ratlam ) के शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
अधिवास की परंपरा : अन्न से पुष्प और जल तक
गुरुवार को आयोजित यज्ञ में यज्ञाचार्य पंडित दुर्गाशंकर ओझा एवं 11 भूदेवों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान की मूर्तियों का अन्न में अधिवास कराया गया। यह अनुष्ठान प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की प्राचीन और वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ। यज्ञ में गणेश जी, माता अंबे तथा अन्य देवताओं के नाम आहुतियां अर्पित की गईं। बुधवार को गणेश भगवान के नाम 1000 आहुतियां समर्पित की गई थीं और गुरुवार को अंबे माता के नाम आहुतियां दी गईं। शुक्रवार को मूर्तियों का पुष्प (फूल) अधिवास और शनिवार को जल अधिवास कराया जाएगा। इसके पश्चात अभिजीत मुहूर्त में प्राण-प्रतिष्ठा की मुख्य विधि सम्पन्न होगी।
प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन भक्तिमय व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज रात 8 बजे प्रख्यात भजन गायक गोपाल शर्मा द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय गीतों और धुनों के माध्यम से वातावरण और भी संगीतमय हो जाएगा।
29 नवंबर को आएंगे महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी
मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा और कलश स्थापना का मुख्य समारोह महामंडलेश्वर 1008 श्री ईश्वरानंद महाराज (उत्तम स्वामीजी) के पावन सान्निध्य और मार्गदर्शन में सम्पन्न होगा। उत्तम स्वामीजी 29 नवंबर को रतलाम पधारेंगे। उसी दिन शाम 5 बजे उनका प्रवचन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें वे धर्म, अध्यात्म और मानव जीवन की दिशा पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत करेंगे।
30 नवंबर को अभिजीत मुहूर्त में प्राण-प्रतिष्ठा
30 नवंबर को दोपहर 11:45 बजे शुभ अभिजीत मुहूर्त में मुख्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं ध्वज-कलश स्थापना की जाएगी। नवनिर्मित मंदिरों में श्री राम दरबार, श्री राधा-कृष्ण, श्री अंबे माता, श्री गणेशजी और श्री शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। साथ ही मंदिर के शिखर पर स्वर्ण कलश और ध्वजा की स्थापना भी की जाएगी। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
आस्था का केंद्र बना बरबड़ हनुमान मंदिर
सिद्ध तीर्थ बरबड़ हनुमान (Barbad Hanuman) मंदिर रतलाम (Ratlam) ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी श्रद्धा और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। वर्षों से यहां आयोजित धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते रहे हैं। नवनिर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह मंदिर और अधिक भव्य रूप में श्रद्धालुओं के दर्शन एवं आराधना के लिए उपलब्ध होगा।


