25.6 C
Ratlām
Friday, June 27, 2025

आलोट में भाजपा का दीपावली मिलन समारोह : मंत्री और विधायक ने की विकास की बात, पंचायतों को पानी के 62 टैंकर भी बांटे

आलोट में भाजपा का दीपावली मिलन समारोह : मंत्री और विधायक ने की विकास की बात, पंचायतों को पानी के 62 टैंकर भी बांटे

– समारोह में मुख्य अतिथि बतौर मध्य प्रदेश के मंत्री पंवार हुए शामिल, समारोह में पुस्तक का भी विमोचन

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भारतीय जनता पार्टी का आलोट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन समारोह मनुनिया महादेव में हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि मप्र शासन के मंत्री नारायणसिंह पंवार, क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी और सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह के दौरान विधानसभा की पंचायतों को पानी के 62 टैंकर भी वितरित किए गए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, आलोट जनपद अध्यक्ष कालूसिंह परिहार, जावरा जनपद अध्यक्ष हेमराज हाड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं मध्य प्रदेश के मंत्री पंवार ने संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे लोक कल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र भी किया। मंत्री पंवार ने कहा कि विधायक चिंतामणि द्वारा लगातार आपके क्षेत्र में विकास कार्य को गति दी है, यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पार्टी के कार्यकर्ता इसके बारे में जनता को बताएं।

5 साल में इतना काम करेंगे कि जनता किसी चीज से वंचित नहीं रहेगी- डॉ. मालवीय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी वचनबद्धता दोहराई। उन्होंने बीते एक वर्ष में किए कार्यों का लेखा-जोखा रखते हुए कहा कि पांच वर्षों के दौरान इतने कार्य करेंगे कि आलोट विधानसभा की जानता को किसी भी चीज से वंचित नहीं रहने पड़ेगा। डॉ. मालवीय ने कहा कि प्रसिद्ध तीर्थ अनादि कल्पेश्वर मंदिर के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। जब बाहर से लोग यहां आएंगे तो इस पवित्र स्थल के बारे में भली-भांति परिचित हो सकेंगे। शिपावरा महादेव में भी 26 करोड़ रुपए की राशि से विकास कार्य हो रहे हैं। विधायक मालवीय ने लोगों से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आह्वान भी किया। उन्होंने इसके फायदे भी बताए।

पार्टी की मूल अवधारणा सबका साथ सबका विकास- जिलाध्यक्ष

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भाजपा की रीति-नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और नेतृत्व ने विश्व के सामने भारत की नई तस्वीर गढ़ी है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है जो सबका साथ सबका विकास की मूल अवधारणा को लेकर चलती हैं। जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कालू सिंह परिहार ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में और गति लाई जाएगी। आलोट विधानसभा में करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए हैं। हम आगे भी ऐसे ही विकास कार्य करते रहेंगे।

पुस्तक का विमोचन हुआ, पानी के टैंकर बांटे

सम्मेलन के दौरान अतिथियों ने सभी को दीपावली पर्व और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय द्वारा बीते एक वर्ष के दौरान क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। समारोह के दौरान क्षेत्र की सभी पंचायतों को जलप्रदाय के लिए विधायक निधि से टैंकर भी वितरित किए गए। कुल 62 टैंकरों का वितरण करते हुए अतिथियों ने कहा कि इससे पेयजल आपूर्ति में सहूलियत होगी। इससे पूर्व सर्वप्रथम अतिथियों ने मनुनिया महादेव के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह की शुरुआत की। स्वागत भाषण कार्यक्रम प्रभारी थानसिंह तंवर ने दिया। तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत आलोट, ताल, बरखेड़ा, बड़ावदा के मंडल अध्यक्षों, युवा मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों द्वारा किया गया। सरपंच संघ ने भी स्वागत किया। संचालन सह प्रभारी कमल गुप्ता ने व आभार प्रदर्शन श्याम महेश्वरी ने किया।

ये रहे उपस्थित

समारोह में शंभुलाल, मंडल अध्यक्ष विशाल काला, दिलीप सिंह डोडिया, शांतिलाल पाटीदार, महेंद्र सिंह दादू बना, श्रवण डांगी, जिला पंचायत सदस्य रमेश मालवीय, संजय जैन ‘बंटी’, संतोष पालीवाल, कार्यक्रम सह प्रभारी कमल गुप्ता, श्याम महेश्वरी, मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष हरपाल सिंह सोलंकी, आलोट नगर परिषद अध्यक्ष अभिषेक जैन, सरपंच संघ अध्यक्ष रघु सिंह परिहार, सुरेश पोरवाल, कृष्णचंद्र सिसौदिया, उंकारलाल पाटीदार, नवीन मेहता, डॉ. नरेंद्र सिंह, महेंद्रसिंह सोलंकी, मनीष राठौर सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

https://www.kamakshiweb.com/
Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

You cannot copy content of this page