– भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक सम्पन्न, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक रंगोली में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने की, जबकि मुख्य मार्गदर्शन भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने दिया। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदीप चौधरी, अनुज शर्मा, जयवंत कोठारी, सुनील सारस्वत, लाल बहादुर पाटीदार ने से साझा की।


जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी ने ‘संकल्प से सिद्धि तक’ कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक घर तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, चाहे अनुच्छेद 370 हटाने का ऐतिहासिक निर्णय हो, राम मंदिर निर्माण हो या पाकिस्तान को करारा जवाब देना। मोदी सरकार ने हर मोर्चे पर देश को गौरवान्वित किया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा योग दिवस, पर्यावरण दिवस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, आपातकाल दिवस सहित कई कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हर मंडल में पौधारोपण किया जाएगा और लोकतंत्र रक्षक सेनानियों का सम्मान भी किया जाएगा। बैठक के दौरान “मन की बात” कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया गया। 100% उपलब्धि दर्ज करने वाले 7 मंडलों का सम्मान भी जिलाध्यक्ष द्वारा किया गया। आजीवन सहयोग निधि के कार्य को समय पर पूर्ण करने पर प्रभारी का सम्मान किया गया। जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय ने सभी मंडल अध्यक्षों से सीधा संवाद कर पार्टी के कार्यक्रमों को पंचनिष्ठा के साथ करने पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रत्येक अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, निमिष व्यास, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, सहित भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में आयुष सांखला ने प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया और आभार जिला महामंत्री संगीता चारेल ने माना।

