– 41 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम के सराफा व्यापारियों का 3 करोड़ रुपए से अधिक लगत का सोना लेकर भागे ज्वेलर जीवन सोनी को पुलिस अभी तक नहीं खोज पाई है। रतलाम पुलिस की सुस्त कार्रवाई से नाराज सराफा एसोसिएशन ने मंगलवार को व्यापार बंद रख विरोध जताया। सराफा बाजार से सभी वाहनों से एकजुट होकर कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव को सौपा। बता दें कि सराफा व्यापारियों का सोना लेकर गायब हुए आरोपी को पुलिस घटना के 41 दिन बाद भी नहीं खोज सकी है। नतीजतन मंगलवार को पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रतलाम सराफा एसोसिएशन ने आगामी दिनों में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
रतलाम के चांदनीचौक बोहरा बाखल में ज्वेलरी की दुकान संचालित करने वाला जीवन सोनी 8 अक्टूबर -2024 को ग्राहकों को आभूषण दिखाने के नाम पर बड़े व्यापारियों से गहने लेकर आया था। लेकिन वापस लौटाने रात तक नहीं पहुंचा। दुकान पर ताला मिला। तब से लेकर आज तक आरोपी जीवन सोनी फरार है। सराफा व्यापारियों की शिकायत पर माणकचौक पुलिस ने आरोपी सोनी के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है। लेकिन आज तक वह नहीं मिला। इसी कारण सराफा एसोसिएशन ने विरोध स्वरूप मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक अपना कारोबार बंद रखा। हाथों में जीवन सोनी के गिरफ्तार करने की तख्तियां लेकर वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़ गए व्यापारी
सराफा व्यापारी कलेक्ट्रेट के बाहर अपने वाहन खड़े कर पैदल पहुंचे। जमकर नारेबाजी की। तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ज्ञापन लेने आए। लेकिन व्यापारी कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़ गए। कुछ देर तक कलेक्टर नहीं आए तो सभी कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर बैठ गए। बाद में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव आई। उन्होंने व्यापारियों से बात की। ज्ञापन लिया। कुछ व्यापारियों को कलेक्टर से मिलवाने की बात कही। तब व्यापारी माने। बाद में व्यापारी कलेक्टर राजेश बाथम के चैंबर में पहुंच मुलाकात की। व्यापारियों ने जीवन सोनी की शीग्र गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं करने का आरोप
सौपे गए ज्ञापन में पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं करने की व्यापारियों ने आरोप लगाया है। बताया कि रतलाम शहर की पहचान स्वर्ण नगरी के रूप में देश में पहचानी जाती है। यहां पर सुव्यवस्थित तरीके से व्यापारिक लेनदेन होता है। आरोपी जीवन सोनी करीब 1800 ग्राम अलग-अलग दुकानों से गहने और 3 से 5 किलो चांदी के आभूषण बाजार के व्यापारियों ग्राहकों को दिखाने ले गया। लेकिन वापस नहीं लौटाए। थाने पर शिकायत भी की। उसे फरार हुए आज 41 दिन बीत गए है। लेकिन पुलिस प्रशासन की कार्रवाई में अभी तक कोई परिणाम सामने नहीं आया है। इस कारण व्यापारियों में रोष है।