
पिपलौदा, वंदेमातरम् न्यूज।

दुर्घटना के एक मामले में जनपद पंचायत में पदस्थ खंड विस्तार अधिकारी (बीडीओ) को आरोपी बनाया गया। दुर्घटना में 2 व्यक्ति घायल हो गए। मामले में पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाकर दुर्घटना का प्रकरण दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत में खंड विस्तार अधिकारी अंकिता अलावा के निजी वाहन से सैलाना-पिपलौदा टू लेन मार्ग पर दुर्घटना हुई। इसमें दीनपालसिंह तथा राजेश को गंभीर चोंट आई। जांचकर्ता प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी ने बताया कि रविवार को दोपहर में मनदीप सिंह पिता दीनपालसिंह ने नामजद रिपोर्ट करवाई कि वाहन क्रमांक एमपी- 09 डब्लूडी-3219 जिसे अंकिता अलावा चला रही थी ने सैलाना पिपलौदा रोड स्थित उनके खेत के बाहर फरियादी के पिता दीनपालसिंह तथा खेत पर काम करने वाले राजेश को टक्कर मार कर चली गई। इसमें दीनपालसिंह को सिर तथा पैर में चोंट आई है तथा राजेश को भी हाथ तथा पैर में चोंट आई है। फरियादी मनदीपसिंह के अनुसार उसके पिता के सिर में 6 तथा पैर में 4 टांके आए हैं।
आरोपी बीडीओ अंकिता अलावा के अनुसार वह वैक्सिनेशन के लिए रतलाम जा रही थी, वाहन उनके पति चला रहे थे। एक नाबालिग लड़का मोटरसाइकल से खेत से निकला तथा उनके वाहन से टकरा गया। पीछे बैठे व्यक्ति को चोंट आई है। मामले में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी उनको नहीं है।




Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


