
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) नगर निगम के बजट सम्मेलन में वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सियासी विवाद गहरा गया। कांग्रेस (Congress) पार्षद सलीम बागवान के खिलाफ रतलाम (Ratlam) स्टेशन रोड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई वार्ड क्रमांक 22 के भाजपा पार्षद और एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा की शिकायत पर की गई है। रतलाम (Ratlam) पुलिस ने बागवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 और 353(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मंगलवार को आयोजित रतलाम (Ratlam) नगर निगम के बजट सम्मेलन में वार्ड क्रमांक 24 के कांग्रेस (Congress) पार्षद सलीम बागवान ने अपने भाषण के दौरान वीर सावरकर को राष्ट्रद्रोह कहा था। इस बयान के बाद सदन में भाजपा और कांग्रेस (Congress) पार्षदों के बीच तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया। भाजपा पार्षदों ने बागवान से माफी की मांग की, लेकिन उन्होंने माफी से इनकार कर दिया। विवाद बढ़ता देख निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने सम्मेलन को करीब आधे घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा था।
शिकायत में बताया महापुरुष का अपमान
भाजपा पार्षद विशाल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि साधारण सम्मेलन के दौरान कांग्रेस (Congress) पार्षद ने वीर सावरकर को वर्ग विशेष का नेता और देशद्रोही बताया। शिकायत में कहा गया कि सावरकर देश की आजादी की लड़ाई के अग्रणी क्रांतिकारियों में रहे हैं और उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे महापुरुष के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उनके सम्मान और देशवासियों की भावनाओं का अपमान है।
धार्मिक व सामाजिक भावनाएं भड़काने का आरोप
दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इस बयान से महान क्रांतिकारियों में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि इस तरह की टिप्पणी से नगर और जिले में धार्मिक व सामाजिक भावनाओं को भड़काने और अशांति फैलाने की स्थिति पैदा हुई है।
निगम के बाहर दोनों दलों का विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद निगम परिसर के बाहर रतलाम (Ratlam) भाजपा और कांग्रेस (Congress) कार्यकर्ताओं के बीच विरोध-प्रदर्शन भी देखने को मिला। महापौर प्रहलाद पटेल के साथ भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस पार्षद सलीम बागवान, शांतिलाल वर्मा के पुतले जलाकर विरोध जताया।
महापौर ने फेंक दी थी चूड़ियां
सम्मेलन दोबारा शुरू होने पर कांग्रेस (Congress) पार्षद वीर सावरकर के इतिहास से जुड़ी प्रतियां लेकर सदन में पहुंचे और उन्हें फेंकते हुए विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा की महिला पार्षदों ने कांग्रेस पार्षदों को चूड़ियां भेंट कीं। जवाब में कांग्रेस पार्षद यास्मिन शेरानी ने महापौर प्रहलाद पटेल को चूड़ियां दे दीं, जिन्हें उन्होंने फेंक दिया।
हंगामे के बीच पहुंची थी पुलिस, कांग्रेस का बहिष्कार
सदन में बढ़ते हंगामे के बीच पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ा था। स्थिति शांत न होने पर कांग्रेस पार्षदों ने सम्मेलन का बहिष्कार करते हुए बाहर निकलने का निर्णय लिया। इसके बाद कांग्रेस (Congress) कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया था।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


