
– पड़ोसी खेत मालिक ने 2 साथियों के साथ मिलकर किसान को उतारा था मौत के घाट
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के ग्राम दीवेल में शुक्रवार रात खेत पर सो रहे किसान को आरोपियों ने लाठी व पत्थर से मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस हत्याकांड के पीछे सेड़े का विवाद सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। इसमें 3 लोगों का शामिल होना सामने आया है। तीनों ने हत्या को अंजाम देने के पहले साथ में शराब का नशा भी किया था।
सैलाना थाना क्षेत्र के ग्राम दीवेल निवासी हिम्मतसिंह (47) पिता करणसिंह देवड़ा की शनिवार की सुबह उसके खेत में रक्तरंजित लाश मिली थी। सुबह हिम्मत सिंह का बड़ा भाई कमल सिंह खेत पर पहुंचा तो घटनाक्रम का पता चला सूत्रों की माने तो हिम्मत सिंह का पड़ोसी खेत मालिक से सेड़े की बात को लेकर विवाद चल रहा था। एक सप्ताह पहले पड़ोसी खेत मालिक के परिवार की महिला के साथ भी विवाद की स्थिति बनी थी। हिम्मत को सबक सिखाने के लिए पड़ोसी खेत मालिक ने 2 साथियों को बुलाया और हत्याकांड को अंजाम देने के पहले तीनों ने नशा किया था। इसके बाद वे हिम्मत सिंह के खेत पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। इस दौरान हिम्मत सिंह ने संघर्ष किया लेकिन हाथ-पैर टूटने के कारण गंभीर घायल हो गया था। आरोपियों ने हिम्मत के सीने पर बड़ा पत्थर मारा जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। दो और आरोपियों की तलाश की जा रही है। संभवत किसान के नृशंस हत्याकांड का खुलासा पुलिस जल्द कर सकती है।