
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत कर्मचारी कॉलोनी में दो युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग महिला से डेढ़ तोले की सोने की चेन ठग ली। महिला कांवड़ यात्रा देखने के लिए घर से निकली थी, तभी आरोपियों ने उन्हें रोककर चोरी का डर दिखाया और फर्जी पहचान पत्र दिखाकर भरोसा दिलाया। चेन को सुरक्षित रखने का सुझाव देते हुए उन्होंने महिला से चेन उतरवाकर एक कागज की पुड़िया में रखवा दी और थैली में बांधने के बहाने उसमें पत्थर डालकर फरार हो गए।


घटना सुबह करीब 10.20 बजे स्नेहनगर की है। कर्मचारी कॉलोनी निवासी हेमकन्या पंवार (पति स्व. पूरणसिंह पंवार) पैदल अलकापुरी चौराहे पर कांवड़ यात्रा देखने जा रही थीं। घर से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार दो युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ करने लगे। उन्होंने महिला को बताया कि आगे एक महिला की चेन चोरी हो चुकी है, ऐसे में वह भी खतरे में हैं। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति को रोककर दिखावे के लिए उसकी चेन भी उतरवाई गई। महिला को भरोसा दिलाने के लिए। इसके बाद महिला की चेन उतरवाकर कागज में बांध दी और उसकी थैली में रखवाकर चले गए। कुछ देर बाद महिला को संदेह हुआ, जब उसने थैली खोलकर पुड़िया देखी तो उसमें केवल पत्थर निकले। महिला ने तत्काल अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।



पुलिस जांच में सामने आईं खामियां
महिला के परिजनों ने एएसपी राकेश खाखा से मिलकर पूरी घटना बताई। इसके बाद महिला को पुलिस कंट्रोल रूम भेजा गया, ताकि सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पहचान की जा सके। लेकिन दुर्भाग्यवश रात को जनरेटर की केबल जल जाने के कारण सुबह के समय की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी। हालांकि 10:30 बजे के बाद की रिकॉर्डिंग जांच में मिली है और पुलिस अब क्षेत्र में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ले रही है। पुलिस को आरोपियों के कुछ सुराग हाथ लगे हैं।।



एक बदमाश ने पहन रखी थी लाल टोपी
पीड़िता के अनुसार दोनों युवक सिविल ड्रेस में थे, जिनमें से एक ने लाल टोपी पहन रखी थी। पुलिस को शक है कि तीसरा व्यक्ति जिसने दिखावे के लिए चेन उतारी थी, वह भी बदमाशों का साथी था। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


