
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। सैलाना (Sailana) नगर के दिलीप मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा पेड़ अचानक जड़ सहित गिर पड़ा, जिससे एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद सड़क के बीचोंबीच पेड़ गिर जाने से करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नामली निवासी पदम बाई सैलाना (Sailana) में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान दिलीप मार्ग से गुजरते समय अचानक पेड़ गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना (Sailana) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
रहवासियों ने प्रशासन के खिलाफ जताई नाराजगी

घटना के बाद गुस्साए स्थानीय रहवासियों ने हंगामा करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि दिलीप मार्ग पर कई सूखे और जर्जर पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। रहवासियों का आरोप है कि इस संबंध में नगर परिषद को पहले भी आवेदन देकर सूखे पेड़ों को हटाने की मांग की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सूचना पर सीएमओ मौके पर पहुंचे
लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक मार्ग पर खड़े सभी सूखे पेड़ों को नहीं हटाया जाएगा, तब तक गिरे हुए पेड़ को हटाने नहीं दिया जाएगा। सूचना मिलने पर नगर परिषद के सीएमओ मनोज शर्मा मौके पर पहुंचे और रहवासियों से चर्चा की। इसके बाद परिषद कर्मचारियों और जेसीबी मशीन की मदद से गिरे हुए पेड़ को हटाया गया। साथ ही मार्ग पर खड़े एक अन्य सूखे पेड़ को भी हटाकर रास्ता साफ कराया गया। पेड़ हटने के बाद दिलीप मार्ग पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


