
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। छेड़छाड़ के मामले में रतलाम (Ratlam) जेल में बंद आरोपी “मुन्ना लाला” उर्फ चश्मा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रतलाम (Ratlam) के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने उसके खिलाफ एक 18 वर्षीय युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का नया मामला दर्ज किया है। युवती का आरोप है कि शातिर आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया।
रतलाम (Ratlam) पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि वह कक्षा 8वीं तक पढ़ी है। 4 अगस्त 2025 को वह अपनी एक सहेली के साथ डोसीगांव घूमने गई थी। इसी दौरान सहेली का दोस्त मुन्ना लाला उर्फ चश्मा उन्हें डोसीगांव मल्टी स्थित अपने किराए के मकान पर ले गया। कुछ देर बाद सहेली वहां से चली गई और मुन्ना ने उसे वहीं रोक लिया।
बदनामी के डर से नहीं बोल रही थी पीड़िता
पीड़िता का आरोप है कि रात करीब 9 बजे आरोपी ने कमरे में उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे अपनी शारीरिक स्थिति से दुष्कर्म होने का संदेह हुआ। जब उसने मुन्ना से पूछा तो उसने शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार की और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। बदनामी के डर से युवती ने उस समय किसी को नहीं बताया, लेकिन बाद में हिम्मत कर अपनी बड़ी बहन को घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पहले भी छेड़छाड़ का मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार फरवरी में भी 18 वर्षीय एक अन्य युवती ने मुन्ना लाला के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाई थी। युवती ने बताया था कि 30 नवंबर 2025 को वह अपनी सहेली के साथ एक अन्य सहेली के घर गई थी, जहां मुन्ना मौजूद था। आरोप है कि मुन्ना ने उसे सफेद पाउडर जैसा पदार्थ खाने के लिए दिया। पाउडर खाने के बाद उसे चक्कर आने लगे। जब वह बाहर गई तो आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की और मोबाइल से फोटो भी खींच लिए। विरोध करने पर आरोपी ने फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था और उसके पकड़े जाने के बाद उसका जुलूस भी निकाला गया था। अब नए दुष्कर्म के मामले में पुलिस उससे फिर से पूछताछ की तैयारी कर रही।
ट्रांजिट रिमांड पर की जाएगी पूछताछ
आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में बंद है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि उसने युवती को कौन सा नशीला पदार्थ दिया था। – सत्येंद्र रघुवंशी, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी (रतलाम – मध्य प्रदेश)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


