रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। जिला मुख्यालय रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अज्ञात आरोपी महिला द्वारा पुराने बर्तनों के बदले नया सामान देने का झांसा देकर एक युवती से सोने-चांदी के गहने की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड भी हुआ है।
श्रीराम नगर निवासी पूजा भांवरे (उम्र 26 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि लगभग आठ दिन पहले एक अज्ञात महिला उनके घर आई और खुद को पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देने वाली बताकर बातचीत शुरू की। शुरुआत में उस महिला ने पुराना तवा, बिछिया और चांदी के तीन धुंचक लिए और बदले में स्टील के बर्तन दिए। इस तरह दो बार लेन-देन कर महिला ने पूजा का भरोसा जीत लिया। पीड़िता ने बताया कि 21 जुलाई 2025 को सुबह लगभग 11:30 बजे वह महिला फिर से आई और इस बार पुराने गहनों के बदले ₹60,000 नकद देने का झांसा देकर पूजा से सोने-चांदी के कीमती आभूषण ले गई। जिनमें 2 मंगलसूत्र, 1 मंडलिया, 2 जोड़ी टॉप्स, 2 जोड़ी सोने के कंगन, 1 जोड़ी चांदी के कंगन और 2 जोड़ी पायल शामिल हैं। महिला ने भरोसा दिलाया कि दोपहर 3 बजे तक वह रकम लेकर लौटेगी, लेकिन उसके बाद से वह गायब है। परिजन के मुताबिक ठग महिला सम्मोहन कर युवती को फंसाकर करीब 6 लाख रुपए से अधिक के आभूषण ले जा चुकी है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पूजा भांवरे ने पुलिस को बताया कि यह पूरी घटना उनके घर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में महिला को साफ तौर पर देखा जा सकता है। पीड़िता ने महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गहनों की बरामदगी की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


