
नागदा/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम से खाचरौद (Ratlam-Khachrod) के बीच रविवार रात चल रही मेमू ट्रेन (MEMU TRAIN) (69183) में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और उसके परिजनों के साथ बर्बर मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोपियों ने न सिर्फ पीड़ित परिवार को, बल्कि अन्य यात्रियों को भी दहशत में डाल दिया।
गुजरात के पंचमहल जिले से आया एक परिवार अपनी 20 वर्षीय बेटी की अस्थियां विसर्जित करने उज्जैन जा रहा था। ट्रेन के रतलाम (Ratlam) से रवाना होने के कुछ देर बाद 14 वर्षीय नाबालिग बेटी बाथरूम से बाहर निकली, तभी गेट पर खड़े युवकों ने उसका हाथ पकड़कर उसे जबरन बाथरूम के अंदर ले जाने की कोशिश की। नाबालिग के शोर मचाने पर परिजन पहुंचे और विरोध किया, जिसके बाद आरोपी युवकों ने बेल्ट से नाबालिग और उसके परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
खाचरौद में बुलाए 50 से ज्यादा बदमाश
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने फोन कर खाचरौद में अपने 50 से अधिक बदमाशों को बुला लिया। खाचरौद स्टेशन पर बड़ी संख्या में युवक ट्रेन में चढ़े और पीड़ित परिवार पर दोबारा हमला किया। यह सिलसिला खाचरौद से नागदा जंक्शन तक चलता रहा। इस दौरान अन्य यात्रियों के साथ भी बदसलूकी की गई।
नागदा जंक्शन पर बढ़ा तनाव, करना पड़ा बल प्रयोग
घटना की जानकारी फैलते ही नागदा जंक्शन पर हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। स्टेशन पर एसटीएफ और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सोमवार को भी नागदा जंक्शन पर तनाव की स्थिति बनी रही।
सात आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट की धारा जोड़ी गई
रतलाम जीआरपी (Ratlam GRP) के अनुसार इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
डर के साए में परिवार, एक घंटे में किया अस्थि विसर्जन
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना के बाद वे पूरी तरह दहशत में हैं। नाबालिग लड़की की एक आंख में गंभीर चोट आई है और उसे बुखार भी हो गया। पुलिस सुरक्षा में उज्जैन रामघाट तक पहुंचकर परिवार ने महज एक घंटे में अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की और ट्रेन से लौटने के बजाय 6 हजार रुपये खर्च कर कार से घर रवाना हुए।
स्टेशन पर दोनों पक्षों से एफआईआर
घटना के बाद नागदा स्टेशन पर हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
बड़ा सवाल: ट्रेन में सुरक्षा क्यों नदारद?
इस पूरी घटना ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ट्रेन (MEMU TRAIN) में या स्टेशनों पर समय रहते पुलिस मौजूद होती, तो नाबालिग से छेड़छाड़ और इतनी बड़ी हिंसा को रोका जा सकता था। खाचरौद स्टेशन पर ही आरोपियों को पकड़ने का मौका था, लेकिन लापरवाही के कारण मामला और भड़क गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


