रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व कुएं में मिली महिला की लाश के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि महिला की हत्या की गई थी और उसका शव पहचान छिपाने के इरादे से कुएं में फेंका गया। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल मामा-भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 17 मई की है, जब ताल क्षेत्र के बागरियों के कुएं में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव की पहचान उज्जैन जिले के झारड़ा थाना अंतर्गत ग्राम रणायरा पीरखेडा निवासी 42 वर्षीय राजुबाई पति स्व. रामलाल मालवीय के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि राजुबाई का आना-जाना ताल थाना क्षेत्र के खारवाखुर्द निवासी शंकरलाल (58) के घर पर था। शंकरलाल ने महिला को 80 हजार रुपए उधार दिए थे। 14 मई को महिला उधारी लौटाने और साथ रहने के विवाद को लेकर शंकरलाल के घर पहुंची, जहां विवाद बढ़ गया। इस दौरान शंकरलाल और उसके भांजे ईश्वर (38) निवासी गुलबालोद थाना आलोट ने मिलकर पहले महिला का गला दबाया। जब वह बेहोश हो गई, तो आरोपियों ने उसके पहने हुए आभूषण और मोबाइल छीन लिए। फिर बाइक से महिला को ताल के बागरियों के कुएं तक ले जाकर उसे अधमरी हालत में नीचे फेंक दिया। 17 मई को शव कुएं में ऊपर आने पर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़ते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे मृतका के चांदी और सोने के आभूषण सहित करीब 73,700 रुपए की संपत्ति बरामद की गई है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


