रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रतलाम शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया को उज्जैन दक्षिण विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें यह जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान एवं मतदाता सूची गहन परीक्षण अभियान के तहत सौंपी है।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा 15 अक्टूबर 2025 तक चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को जोड़ना और जनसमर्थन को सशक्त बनाना है। अभियान के तहत राज्यभर में 5 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं जो मतदाता सूची के पुनरीक्षण और नामों की जांच की जिम्मेदारी निभाएंगे।

संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम
महेंद्र कटारिया को सौंपी गई यह जिम्मेदारी संगठन को आगामी चुनावों के लिए और अधिक मजबूत करने की दिशा में मानी जा रही है। वे अपने अनुभव और संगठनात्मक समझ के साथ उज्जैन दक्षिण क्षेत्र में कांग्रेस की पकड़ को मजबूत करने का कार्य करेंगे। प्रभारी बनाए जाने पर महेंद्र कटारिया ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि वे कांग्रेस संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे मैं संगठन को सशक्त करने के अवसर के रूप में देखता हूं।
रतलाम कांग्रेस ने दी बधाई
महेंद्र कटारिया की इस नई जिम्मेदारी पर रतलाम शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन और अधिक सक्रिय और मजबूत होगा।