




रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा रतलाम में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने किया। रैली में नेता खुली जीप में सवार होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते रहे।






जीप में जिला टोली प्रभारी निर्मल कटारिया, महेश सोनी, विप्लव जैन, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा और विभिन्न भाजपा मंडल अध्यक्ष भी मौजूद थे। एक अन्य जीप में भारत माता के रूप में भावना गुर्जर और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के रूप में प्रीतिबाला मंडलोई शामिल हुईं। रैली की शुरुआत अलकापुरी चौराहा स्थित भारत माता प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद जुलूस शहर के प्रमुख मार्ग सैलाना रोड, पावर हाउस रोड, न्यू रोड, लोकेन्द्र टॉकिज, डालूमोदी बाजार, माणकचौक, चांदनी चौक आदि से गुजरते हुए शहीद चौक स्थित इंडिया गेट पर पहुंचा, जहां भारत माता की आरती के साथ रैली का समापन हुआ। दो दिवसीय जिले में निकाली गई तिरंगा रैली में नगर निगम अध्यक्ष मनीषा मनोज शर्मा, जिला खेल प्रकोष्ठ संयोजक अनुज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष बलवंत भाटी, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।





संबोधन में मंत्री काश्यप ने यह कहा
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने संबोधन में कहा कि तिरंगा रैली के माध्यम से हम सभी राष्ट्रभक्ति का संकल्प लें। पहले कारगिल विजय और अब ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया में भारत की शक्ति का परिचय कराया है। जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने रैली की सफलता पर सभी पदाधिकारियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।
आज निकलेगा मौन जुलूस
भारतीय जनता पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाएगी। इस अवसर पर एक मौन जुलूस निकाला जाएगा, जिसका नेतृत्व कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय करेंगे। जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि मौन जुलूस शाम 4:30 बजे सैलाना बस स्टैंड स्थित महाराणा प्रताप सर्कल से शुरू होगा और शहर सराय स्थित शहीद चौक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर संपन्न होगा।



