
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला मुख्यालय पर अमृत 1.0 योजना के तहत डाली गई सीवरेज लाइन के कार्य में अनियमितताओं को लेकर आवाज उठने लगी है। टूटी लाइन और सड़कों पर बहते गंदे पानी से लोग परेशान हो रहे हैं। मामले में अब कांग्रेस की वरिष्ठ पार्षद यास्मीन शेरानी ने रतलाम (Ratlam) नगर पालिक निगम आयुक्त अनिल भाना को पत्र लिखकर ठेकेदार के भुगतान पर रोकने के साथ जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद शेरानी ने अपने पत्र में बताया कि रतलाम (Ratlam) के कई वार्डों में सीवरेज लाइन के कार्य के कारण आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टेंडर की शर्तों के अनुरूप काम नहीं होने के कारण कई स्थानों पर सीवरेज लाइनें टूट गई हैं। वहीं नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे नागरिकों को गंभीर समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सीवरेज कंपनी द्वारा 28 कर्मचारियों की नियुक्ति किए जाने का दावा किया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि ये कर्मचारी कहां और किस स्थान पर कार्य कर रहे हैं। इस मामले में कर्मचारियों की जांच कराने और ठेकेदार का भुगतान रोके जाने की मांग की गई है।
जल्द लोकायुक्त और EOW में होगी शिकायत

पार्षद शेरानी ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि इस समस्या के संबंध में वीडियो के माध्यम से भी रतलाम (Ratlam) नगर निगम प्रशासन के अफसरों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को देखते हुए शुक्रवार को वार्ड में सफाई अभियान चलाया गया। पार्षद यास्मीन शेरानी स्वयं करीब दो घंटे तक मौके पर खड़ी रहीं और नालियों की सफाई करवाई। उन्होंने कहा कि वार्ड में जो गंदगी इकट्ठी हो रही है, वह सीवरेज व्यवस्था की खामियों का परिणाम है। मामले में जल्द उनके द्वारा लोकायुक्त और आर्थिक अपराध अन्वेषण (EOW) ब्यूरो में शिकायत की जाएगी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


