




रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर मंत्री विजय शाह के खिलाफ कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को शहर व ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार मुर्दाबाद की नारेबाजी की और इसके पूर्व मंत्री शाह का पुतला जलाया। कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप कहा कि ऐसे मंत्री के हाथों ध्वजारोहण करना भारतीय सेना और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान होगा।






प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतले को लेकर छीना-झपटी हुई। पुलिस ने जलते हुए पुतले को बुझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उसे जला दिया। यह विरोध बाजना बस स्टैंड पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किया गया था। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि 15 अगस्त 2025 को रतलाम जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण केवल कलेक्टर द्वारा किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद मंत्री विजय शाह को पद से नहीं हटाया, जो ‘दादागिरी’ है।





महिला कांग्रेस भी कर चुकी है विरोध
एक दिन पहले बुधवार को महिला कांग्रेस ने भी मंत्री शाह के खिलाफ काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया था। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेत्री यास्मीन शैरानी के नेतृत्व में किया गया था। अब यह विरोध और तेज हो गया है, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, प्रदेश कांग्रेस की महिला नेत्री यास्मीन शैरानी, शैलेन्द्र सिंह अठाना, राजीव रावत, मंसूर अली पटोदी, लक्ष्मण सिंह डिंडोर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।



