सैलाना, वंदेमातरम न्यूज़। आदिवासी अंचल क्षेत्र के ग्राम बड़ी खुर्द में बीती रात एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें ग्राम पंचायत बड़ी खुर्द के पूर्व सरपंच और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरजी निनामा (55 वर्ष) का सर्पदंश से निधन हो गया। उनकी आकस्मिक मृत्यु से पार्टी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
परिजन के अनुसार शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे धीरजी निनामा अपनी चाय की होटल बंद कर रहे थे। उसी दौरान अंधेरे में किसी जहरीले सर्प या अन्य विषैले जीव ने उन्हें काट लिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर अवस्था में स्वास्थ्य केंद्र सरवन पहुंचाया। धीरजी निनामा लगातार 15 वर्षों तक ग्राम पंचायत बड़ी खुर्द के सरपंच रहे और वे क्षेत्र में अपनी जनसेवा, सादगी और सक्रिय नेतृत्व के लिए जाने जाते थे। वे पूर्व विधायक स्व. प्रभुदयाल गेहलोत के करीबी सहयोगी एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाते थे।
चिकित्सक ने किया मृत घोषित
स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. रविंद्र डामोर ने जांच के बाद बताया कि निनामा की मृत्यु सर्पदंश के कारण हो चुकी है। यह खबर मिलते ही बड़ी खुर्द और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब
रविवार को बड़ी खुर्द में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष हनी गेहलोत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र शुक्ला, दिलीप कुमावत, जनपद सदस्य संजय शर्मा, सुनील गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


