– गाने की फरमाइश पूरी नहीं करने पर बदमाश ने रंगदारी दिखाकर कर्मचारी को मारा था चाकू
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
मध्यप्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात फाइव एलिमेंट बार में चाकूबाजी के मामले में पुलिस को मुख्य आरोपी की तलाश है। बदमाश सौरभ बरगुंडा के खिलाफ पूर्व में स्टेशन रोड थाने पर जानलेवा हमला और औद्योगिक थाने पर भी मारपीट और रंगदारी का प्रकरण दर्ज है। गुरुवार रात की वारदात के मामले में पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
बता दें कि वारदात गुरुवार रात करीब 9:00 बजे की है बायपास स्थित बार में सौरभ बरगुंडा नाम के एक बदमाश ने पसंद का गाना नहीं गाने से नाराज होकर जमकर उत्पात मचाया और बार कर्मचारी को चाकू मार दिया था। चाकूबाजी में घायल हुए कर्मचारी शैलेंद्र सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की शिकायत मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने बदमाश सौरभ बरगुंडा, युवराज सेंगर सहित अन्य तीन के विरुद्ध प्राणघातक हमले का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की है।
पहले कर दिया था बदमाश सौरभ को बाहर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश सौरभ बरगुंडा अपने कुछ साथियों के साथ गुरुवार शाम बार में पहुंचा था। जहां सिंगर से उसने अपनी पसंद का गाना गाने की फरमाइश की थी। पसंद का गाना नहीं गाने से नाराज आरोपी सौरभ बरगुंडा ने हंगामा खड़ा कर दिया और विवाद करने लगा था। बार के कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाल दिया था। कुछ देर बाद बदमाश सौरभ कुछ साथियों के साथ वापस आया और बार में तोड़फोड़ करने लगा और बार कर्मचारी शैलेंद्र सिंह को सीने पर चाकू मार दिया। घायल कर्मचारी शैलेंद्र सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। घायल कर्मचारी की हालत स्थिर है।
क्या कहते मामले में जिम्मेदार
जानलेवा हमला करने वाला मुख्यआरोपी सौरभ की तलाश जारी है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। – किशोर पाटनवाला, टीआई – स्टेशन रोड थाना रतलाम (मध्यप्रदेश)
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


