रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
लंबित मांगों का निराकरण नहीं होने पर सोमवार को एक बार फिर सफाईकर्मी लामबंद हुए। संयुक्त सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले नगर निगम परिसर में प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने मांगों को पूरा करने के लिए 2 दिन का अंतिम अल्टीमेटम देते हुए बताया कि मांगे नहीं मानी गई तो वह 23 दिसंबर से शहर की सफाई व्यवस्था बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे।
सोमवार को नगर निगम परिसर में बड़ी संख्या में समिति की बैनर तले एकजुट हुए सफाईकर्मियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाराजगी जाहिर की। समिति अध्यक्ष राम कल्याणे और विजय खरे ने बताया की 5 माह से सफाईकर्मियों के नियमितिकरण एवं विनियमितिकरण सहित सीपीएफ काटने की मांग की जा रही है। इन मांगों पर 28 अगस्त 2021 को कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक कुमार पुरुषोत्तम से चर्चा कर निर्णय भी पारित हो चुका है। इसके बाद 30 अक्टूबर 2021 को इन्हीं मांगों को लेकर नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया से भी चर्चा की जा चुकी है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद मिले आश्वासन पश्चात अभी तक समिति की मांगों को नजरअंदाज कर कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रदर्शन को समिति के अमरसिंह चौहान, कमल शिंदे आदि ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन पश्चात निगम आयुक्त झरिया को ज्ञापन सौंपते हुए शहर विधायक चेतन्य काश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम कार्यालय पर प्रति सौंपी गई।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


