पत्र लिखकर वैध माल को तत्काल सुपुर्द कराने का किया आग्रह, व्यापारियों ने चुनाव का किया था बहिष्कार
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज।
रतलाम के सराफा व्यापारियों द्वारा विधानसभा चुनाव के बहिष्कार के ऐलान के बाद व्यापारियों तथा आमजनता की परेशानी को देख विधानसभा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव को पत्र लिखा है।
पत्र में काश्यप ने बताया कि सराफा व्यापारियों द्वारा वैध बिल प्रस्तुत करने के बाद भी उनका माल नहीं छोड़ा जा रहा है। इससे परेशान होकर सराफा व्यवसायियों ने 31 अक्टूबर तक उनकी समस्या हल नहीं होने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की बात कही है। काश्यप ने चुनाव प्रभारी यादव से आयोग एवं उचित स्थान पर चर्चा कर व्यापारियों तथा आम जनता को हो रही परेशानी से तत्काल मुक्ति दिलाने का अनुरोध किया है।
काश्यप ने बताया कि रतलाम का सराफा व्यवसाय देशभर में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका रखता है लेकिन वर्तमान में यहां के सराफा व्यापारियों को चुनाव जांच के नाम पर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न शासकीय एजेंसियों द्वारा जांच के नाम पर सराफा व्यापारियों एवं आमजनता जो कि सामान्य खरीददार है, उनके माल को जब्त किया जा रहा है। इससे रतलाम का सराफा व्यवसाय बूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। काश्यप ने चुनाव प्रभारी से सराफा व्यवसायियों सहित आमजन का जो भी माल वैध है, उसे तत्काल उन्हे सुपुर्द किया जाए। इस संबंध में आयोग से चर्चा कर व्यापारियों को राहत दिलाए जाने की बात कही है।
इसलिए नाराज है व्यापारी

आचार संहिता के चलते रतलाम में लगातार चेकिंग के दौरान सोना चांदी पकड़ा जा रहा है। सारे दस्तावेज बताने के बाद भी व्यापारियों को लगातार एक विभाग से दूसरे विभाग में चक्कर लगवाएं जा रहे है। त्यौहारी सीजन होने के कारण आर्डर के आभूषण ग्राहकों को नहीं दे पा रहे है। जिला प्रशासन की सख्ती के कारण व्यापारी परेशान है। इसी को लेकर शनिवार रात रतलाम के सराफा व्यापारियों ने एकजुट होकर 17 नवम्बर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। रतलाम सराफा व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष और मप्र सराफा व्यापारी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष झमक भरगट ने बताया जितनी जांच रतलाम में हो रही है उतनी तो इंदौर, भोपाल सहित अन्य शहरों में भी नहीं हो रही है। हर वाहन को रोककर चेकिंग की जा रही है। सख्ती के कारण त्यौहारी सीजन में व्यापार व्यवसाय चौपट हो रहा है। चुनाव के नाम पर जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मनमर्जी कर रहे है। चेकिंग के कारण ग्राहक भी परेशान है। इस दौरान एसोसिएशन उपाध्यक्ष विशाल डांगी, सचिव रामबाबू शर्मा, कीर्ति बड़जात्या, संजय छाजेड़ सहित पूरे सराफा बाजार के व्यापारियों ने विरोध जताया। रतलाम के सराफा बाजार में व्यापारियों सहित करीब 10 हजार से अधिक लोग जुड़े है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


