– सैलाना पुलिस थाने के ग्राम आंबापाड़ा में आरोपियों ने युवक पर किया था हमला
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। सैलाना पुलिस थाना अतंगर्त ग्राम आंबापाड़ा में जमीन विवाद में युवक पर हमला करने वाले आरोपी आरक्षक पुत्र और शिक्षक पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी पिता-पुत्र को सैलाना न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया। आरोपी आरक्षक वर्तमान में मंदसौर जिलेे में पदस्थ है, जबकि उसका पिता ग्राम आंबापाड़ा के शासकीय प्राथमिक स्कूल में शिक्षक है। गंभीर घायल रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचारत है। आरोपी पिता-पुत्र ने जमीन पर अवैध कब्जे के नियत से पड़ोसी पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
बता दें कि फरियादी शकीना (40) पति समरथ खराड़ी ने सैलाना थाने पर आरोपी शासकीय सेवक पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे समरथ खराड़ी खेत पर ही था। इस दौरान आरोपी शिक्षक वाल पिता मांगूसिंह खराड़ी ट्रैक्टर लेकर जमीन हांकने पहुंचा। समरथ ने विरोध किया तो आरोपी शिक्षक वाल सिंह ने आवाज देकर आरक्षक पुत्र गिरवर सिंह को मौके पर बुलाया। आरोपी आरक्षक गिरवर अपने हाथ में लट्ठ लेकर पहुंचा, जिसमें लोहे के नुकीले छल्ले लगे हुए थे। शासकीय सेवक आरोपी पिता-पुत्र ने समरथ को गाली देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने समरथ के सिर पर भी हमला किया जिससे उसे गंभीर चोट पहुंची। घटनास्थल पर समरथ की पत्नी शकीना के शोर मचाने पर परिजन भी पहुंचे, तब तक आरोपी पिता-पुत्र मौके से भाग गए। गंभीर घायल समरथ की चश्मदीद पत्नी शकीना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी वाल सिंह और गिरवर सिंह के खिलाफ भादंवि की धारा 326, 294, 506 एवं 34 में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। शुक्रवार शाम को आरोपी पिता-पुत्र को सैलाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरफ्तार किया था।
आरोपी पिता-पुत्र एक वर्ष से कर रहे थे विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि समरथ की जमीन पर आरोपी वाल सिंह और गिरवर सिंह पिछले एक वर्ष से विवाद कर अवैध कब्जे की कोशिश में जुटे हैं। शकीना ने पुलिस को बताया कि वर्तमान में पुन: सैलाना तहसील कार्यालय में केस विचाराधीन है। इसके पूर्व 16 मार्च 2023 को उक्त जमीन को लेकर सैलाना तहसील से समरथ के पक्ष में फैसला आया था। बावजूद इसके आरोपी वाल सिंह और गिरवर सिंह समरथ को उसकी जमीन पर फसल नहीं उगाने के साथ आए दिन विवाद कर कब्जे की कोशिश करते हैं। शुक्रवार सुबह भी आरोपी वाल सिंह और गिरवर दोनों समरथ की जमीन पर कब्जे की नियत से पहुंचे और विरोध करने पर समरथ पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


