– प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई जनहितैषी प्रस्तावों को मिली मंजूरी
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत बीएलसी घटक के तहत दावा-आपत्ति उपरांत पात्र पाए गए 230 हितग्राहियों की अंतिम सूची को अनुमोदित किया गया। यह सूची अब कलेक्टर रतलाम को भेजी जाएगी।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक अंतर्गत डीपीआर-3 बंजली में निर्मित एलआईजी फ्लैट का प्रथम आओ, प्रथम पाओ के आधार पर एक एलआईजी फ्लैट का अस्थाई आवंटन किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त, नगर निगम के विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की कार्य अवधि बढ़ाए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति प्रदान की गई, जिससे इन कर्मचारियों को अधिक स्थायित्व और सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
महापौर प्रहलाद पटेल के साथ परिषद सदस्य भगतसिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, मनोहरलाल राजू सोनी, रामुभाई डाबी, सपना त्रिपाठी सहित कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़, निगम सचिव राजेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र पुरोहित और राजेन्द्रसिंह गेहलोत भी मौजूद रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


