– घटना के तीन दिन बाद दूसरे पक्ष ने भी दर्ज करवाई एफआईआर
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। शहर के त्रिपोलिया गेट निवासी ज्वेलरी शॉप संचालक सचिन जैन के साथ विश्वासघात और मारपीट की गंभीर घटना सामने आने के तीन दिन बाद दूसरे पक्ष की और से भी एफआईआर दर्ज हुई है। पहले पक्ष की ओर से चांदनी चौक स्थित रत्न सम्पत ज्वेलर्स के संचालक सचिन जैन ने माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि अशोक खिमेसरा ने 2 मई 2025 को उनकी दुकान से करीब 18.860 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट 1.80 लाख रुपए में खरीदा था।
मुख्य आरोपी अशोक ने 65 हजार रुपए नगद दिए और शेष 1.15 लाख रुपए बाद में देने की बात कही। परिचित होने के चलते सचिन ने उस पर भरोसा कर लिया। कई बार कॉल करने पर भी जब बाकी भुगतान नहीं मिला, तो 20 मई 2025 को अशोक ने खुद कॉल कर कहा कि घर आकर पैसे ले जाओ। फरियादी सचिन अपने पिता श्रीपाल जैन के साथ अशोक के लक्कड़पीठा स्थित घर पहुंचे। वहां अशोक और उसकी पत्नी, बेटी अंजली और दामाद रितेश मांडोत मौजूद थे। जैसे ही पैसे मांगे इन सभी ने मिलकर गाली-गलौच शुरू कर दी और मारपीट पर उतर आए। आरोप के मुताबिक, अशोक और उसकी पत्नी ने थप्पड़ मारे, जबकि रितेश और अंजली ने धक्का-मुक्की की। रितेश ने किसी नुकीली चीज से सचिन पर हमला किया और दांत से भी काटा, जिससे बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। सिर पर भी अंदरूनी चोट लगी। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने अब दूसरे पक्ष के अशोक की तरफ से सराफा व्यापारी पिता पुत्र पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


