


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दीपावली पर्व को देखते हुए रतलाम (Ratlam) शहर के वार्ड क्रमांक 25 को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए वार्ड पार्षद आयुषी जलज सांकला ने विशेष पहल की है। उन्होंने स्वच्छता प्रहरियों एवं आईईसी (IEC) टीम की बैठक लेकर वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ जल संरक्षण को लेकर भी विशेष कार्ययोजना तैयार की गई।
पार्षद आयुषी जलज सांकला ने स्वच्छता प्रहरियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि दीपावली के दौरान वार्ड में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। घरों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास कचरा जमा नहीं होने दें तथा नागरिकों को कचरा निर्धारित कचरा गाड़ी में ही डालने के लिए जागरूक करें। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि अपने क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जोन प्रभारी पर्वत हाड़े, वार्ड दरोगा निर्मल एवं अजय परमार सहित स्वच्छता प्रहरी और आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
जल संकट को लेकर पार्षद आयुषी सख्त
स्वच्छता अभियान के साथ ही वार्ड में संभावित जल संकट को देखते हुए पार्षद आयुषी जलज सांकला ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आपात बैठक लेकर जल संरक्षण के लिए विशेष कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्ड में कहीं भी पानी का लीकेज दिखाई देने पर तत्काल सूचना दी जाए और उसी दिन सुधार कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लीकेज की स्थिति, कहां सुधार कार्य किया गया और कहां शिकायत दर्ज कराई गई, इसकी प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही जल अपव्यय रोकने के लिए घर-घर जाकर नागरिकों को एक-दो बार समझाइश देने और हाथ जोड़कर पानी बचाने का निवेदन करने को कहा। इसके बावजूद जल का अनावश्यक अपव्यय करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
पार्षद की वार्डवासियों से अपील
पार्षद आयुषी जलज सांकला ने वार्ड के सभी परिवारजनों से अपील की कि कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालें, आसपास गंदगी नहीं फैलाएं और पानी का अनावश्यक उपयोग बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और जल संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


