


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (Delhi-Mumbai Expressway) पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रतलाम (Ratlam) के पलसोड़ी के पास तेज रफ्तार मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर दोनों सड़कों के बीच बनी करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद कार में फंसे परिवार को बाहर निकालने के लिए पिता ने साहस दिखाया। उन्होंने कार के दरवाजे पर लात मारकर उसे खोला और पत्नी व बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
मुंबई से लखनऊ जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे डीडी नगर थाना क्षेत्र में पलसोड़ी के पास धामनोद टोल से लगभग 2 से 3 किलोमीटर आगे हुआ। मर्सिडीज कार में दीपरंजन पांडे (42), उनकी पत्नी रंजना पांडे (38), बेटी आयशा (12) और बेटा आवेश (9) सवार थे। परिवार मुंबई से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
झपकी लगने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार चला रहे दीपरंजन पांडे को नींद की झपकी आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में चीख-पुकार मच गई। इस मुश्किल घड़ी में दीपरंजन ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कार के दरवाजे पर लात मारकर उसे खोला और खुद बाहर निकलने के बाद पत्नी व दोनों बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी।
पुलिस ने वॉट्सएप लोकेशन से तलाशा घटनास्थल
सूचना मिलते ही डीडी नगर थाने की चीता-3 के कॉन्स्टेबल सुनील डाबर, डायल 112 के कॉन्स्टेबल आर्यन रघुवंशी और पायलट नईम खान मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि, रात का अंधेरा होने और कार के सड़क से काफी नीचे खाई में गिरने के कारण पुलिसकर्मियों को घटनास्थल तलाशने में परेशानी हुई। इसके बाद पुलिस ने कार सवारों से वॉट्सएप के माध्यम से लोकेशन मंगवाई। लोकेशन मिलने पर जवान घटनास्थल तक पहुंचे।
25 फीट नीचे उतरकर जवानों ने चारों को निकाला
खाई में नीचे उतरने के लिए कोई रास्ता नहीं था। इसके बावजूद पुलिस जवानों ने सड़क से करीब 25 फीट नीचे उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने कार सवार चारों लोगों को हाथ पकड़कर खाई से बाहर निकाला। इसी दौरान एनएचएआई की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को एंबुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
मर्सिडीज पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में मर्सिडीज कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। डीडी नगर थाना चीता-3 के कॉन्स्टेबल सुनील डाबर के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। हादसे में रंजना पांडे और उनके बेटे आवेश को चोटें आई हैं, जबकि दीपरंजन पांडे और उनकी बेटी आयशा की स्थिति ठीक बताई गई है। बताया गया कि महिला ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। रात में ही चारों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


