

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। इंदौर (Indore) में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने रतलाम के दो तस्कर को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ बिना नंबर की बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार दोनों तस्कर रतलाम निवासी हैं और अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों तस्करों के खिलाफ रतलाम (Ratlam) में पहले से मारपीट, अड़ीबाजी सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।



सुपर कॉरिडोर पर बैठे थे दोनों तस्कर
इंदौर (Indore) क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम गश्त और नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड पर सड़क किनारे बिना नंबर की बाइक के साथ बैठे दो युवक पुलिस की नजर में आए। पुलिस टीम को देखकर दोनों घबराने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

बाइक पर टंगे बैग से मिली ड्रग्स
पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी पहचान आमीन मंसूरी और समीर कुरैशी, निवासी रतलाम के रूप में बताई। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनकी बाइक की तलाशी ली तो उसमें टंगे एक बैग से 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ जब्त कर दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब छह लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बाइक भी जब्त की है।
अलग-अलग कारोबार से जुड़े हैं दोनों आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आमीन मंसूरी एसी और फ्रिज सुधारने का काम करता है, जबकि समीर कुरैशी स्टील फर्नीचर बनाने के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। अलग-अलग काम करने वाले दोनों तस्करों के पास एमडी ड्रग्स मिलने के बाद पुलिस उनके नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
रतलाम में पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
क्राइम ब्रांच की जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रतलाम में पहले से मारपीट, अड़ीबाजी और अन्य आपराधिक मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
ड्रग्स सप्लाई के नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स कहां से लेकर आए थे और इंदौर में किसे इसकी सप्लाई करने वाले थे। साथ ही इस नशे के कारोबार में इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य अहम सुराग मिल सकते हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



