

– अब तक 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां फ्रीज करवाने के प्रस्ताव पहुंचे सफेमा कोर्ट


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा अंतर्गत डोडा चूरा तस्करी के आरोपी रमजानी खान पिता गुलाब खान निवासी ग्राम उमट पालिया की करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बाजार मूल्य की तीन संपत्तियों को सफेमा के तहत फ्रीज कर दिया गया है।

रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया डोडा चूरा तस्कर रमजानी खान के खिलाफ वर्ष 2019 में 256 किलो 800 ग्राम डोडा चूरा की तस्करी से संबंधित प्रकरण जावरा आईए पुलिस थाने में दर्ज है। रमजानी ने तस्करी की अवैध आय से विभिन्न संपत्तियां अर्जित कीं, जिसकी जांच आईए थाना प्रभारी सुमित मिश्रा व टीम ने की। इसी आधार पर स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स फोर्जरी ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट (सफेमा) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव मुंबई सफेमा कोर्ट भेजा था। जहां से पुष्टि कर दी गई है। आरोपी रमजानी के आधिपत्य वाली ग्राम उमट पालिया में स्थित भूमि सर्वे नंबर 202/1 रकबा 0.28 हेक्टेयर, भूखंड क्रमांक 31 और सर्वे नंबर 202/2 रकबा 28 हेक्टेयर (पत्नी के नाम दर्ज) को फ्रीज किया गया है। इनकी कीमत क्रमशः 50, 50 व 20 लाख है। इस कार्रवाई में टीआई मिश्रा के साथ ही एएसआई दिनेशचंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार, सुनीता जाट की सक्रिय भूमिका रही। रतलाम (Ratlam) एसपी अमित कुमार ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि अभियान के तहत अब तक 100 करोड़ से ज्यादा मूल्य की संपत्तियां फ्रीज करवाने के प्रस्ताव सफेमा कोर्ट भेजे जा चुके हैं। इनमें से 39 करोड़ 24 लाख रुपए कीमत की संपत्तियां फ्रीज करने के आदेश भी जारी हो चुके हैं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



