Ratlam : बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी की दुकान से 4 किलो चांदी और तिजोरी ले उड़े बदमाश

Advertisements
Miscreants carry out a major theft in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) शहर के सालाखेड़ी क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां हार्डवेयर एवं बिल्डिंग मटेरियल की दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाश करीब 4 किलो चांदी के जेवर और लाखों रुपए नकदी से भरी तिजोरी चुराकर ले गए। चोरी गए चांदी के जेवरों की कीमत लगभग 7 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है, जबकि तिजोरी में 3 लाख 48 हजार रुपए से अधिक नकदी रखी होने की जानकारी सामने आई है। वारदात को अंजाम देने वाले दो संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं।

Advertisements
Advertisements
Advertisements

बदमाशों ने आलमारी तोड़कर निकाले जेवर

चोरी की यह वारदात स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के सालाखेड़ी पुलिस चौकी के समीप स्थित गिरिश गांधी की हार्डवेयर एवं बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर शुक्रवार रात करीब 3 बजे हुई। बदमाश दुकान के पीछे की तरफ से टीनशेड की छत फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दुकान के ऑफिस में रखी आलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे चांदी के जेवरों से भरे बॉक्स समेट लिए। बदमाश यहीं नहीं रुके। वे करीब 20 किलो वजनी तिजोरी भी उठाकर ले गए, जिसमें लाखों रुपए नकदी रखी हुई थी। इस तरह बदमाश चांदी के जेवरों के साथ नकदी से भरी पूरी तिजोरी ही ले जाने में सफल रहे।

Advertisements
Advertisements

तीन दिन पहले शुरू किया था ऑनलाइन कारोबार

चोरी की इस वारदात का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि दुकान संचालक गिरिश गांधी ने महज तीन दिन पहले ही अपने बेटे हर्षल के लिए चांदी की खरीद-बिक्री का ऑनलाइन कारोबार शुरू किया था। इसी कारोबार के लिए चांदी के जेवर खरीदकर दुकान के ऑफिस में रखे गए थे। बताया गया है कि दीपावली पूजन के लिए 8 नवंबर को चांदी के जेवर दुकान पर लाए गए थे। इनमें ब्रेसलेट, नेकलेस, कान के टॉप्स, अंगूठियां सहित अन्य आभूषण शामिल थे। इन्हें पूजन के बाद ऑफिस की आलमारी में रखा गया था। शुक्रवार रात कर्मचारी दुकान बंद करके चला गया था। शनिवार सुबह दुकान खुलने पर चोरी का पता चला।

एसपी, एएसपी सहित पुलिस मौके पर

वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शनिवार देर शाम एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने दुकान संचालक और उनके बेटे से घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने उस रास्ते का भी निरीक्षण किया, जहां से बदमाश दुकान में दाखिल हुए और वारदात के बाद बाहर निकले।पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी सर्चिंग की है। प्रारंभिक जांच में दुकान के पीछे के रास्ते और अन्य प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। बताया गया कि दुकान के पीछे शटर और अन्य दरवाजों पर ताले नहीं लगाए गए थे।

CCTV में दिखे दो संदिग्ध, तलाश में जुटी टीमें

पुलिस को दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान दो संदिग्ध नजर आए हैं। इनके फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। एसपी ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम गठित की है। एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि बदमाश दुकान के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और चांदी के जेवरों के साथ नकदी से भरी तिजोरी चुराकर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दुकान संचालक ने अपने बेटे के लिए चांदी का ऑनलाइन कारोबार शुरू किया था और उसी के लिए जेवर दुकान में रखे थे।

चोरी के बाद सदमे में दुकान संचालक

इतनी बड़ी चोरी की वारदात के बाद दुकान संचालक गिरिश गांधी सदमे में बताए जा रहे हैं। घटना के संबंध में उनसे फोन पर चर्चा करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने और डिप्रेशन में होने की बात कहते हुए बाद में बातचीत करने की बात कही। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में जुटी है।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!