

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) में लव मैरिज के 6 महीने बाद दामाद को गोली मारने का फरार आरोपी ससुर व उसके साथी ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने इन दोनों पर जब संपत्ति कुर्की का दबाव बनाया तो ये खुद ही जीआरपी थाने में पेश हुए। दोनों राजस्थान के झालावाड़ जिले के कलालसेरी में फरारी काट रहे थे। जीआरपी के अनुसार वहां कोमलसिंह की बड़ी बेटी की शादी हुई है लेकिन दोनों झालावाड़ में किसी और के यहां शरण लिए हुए थे।



जीआरपी थाना टीआई सोहनलाल पाटीदार ने बताया कि घायल सुनील (29) पिता घनश्याम प्रजापत निवासी जूनी कलालसेरी दाहोद में ज्वैलर्स की दुकान पर काम करता था। सुनील ने घर के सामने रहने वाले कोमलसिंह पंवार की बेटी निधि से इसी साल अप्रैल में लव मैरिज की थी। इसके बाद से ही निधि के पिता गुस्से में थे। कोमलसिंह ने नागदा जंक्शन (उज्जैन) निवासी गौरव (37) पिता जवाहरलाल नागदा की पत्नी को काफी समय पहले गोद बैठाकर बेटी बना रखा है। कोमलसिंह ने बेटी निधि के लव मैरिज करने से परेशान होने की बात गौरव को बताई। फिर दोनों ने मिलकर सुनील प्रजापत को गोली मारकर उसकी जान लेने की साजिश रची। निधि की तबीयत खराब होने पर 19 अक्टूबर 2026 की रात 9.30 बजे सुनील दाहोद से रतलाम आया। वह रेलवे स्टेशन स्थित रेस्टोरेंट ऑन व्हील के पास वाले रास्ते से अपनी एक्टिवा लेकर निकल रहा था। दोनों आरोपियों ने होटल के पास से ही सुनील का पीछा शुरू कर दिया था और तीन फायर किए थे। सुनील की पीठ पर बैग होने से एक गोली पीठ के निचले हिस्से में दांयीं तरफ जाकर लगी और रीड की हड्डी में धंस गई। दो दिन तक यहां गोली नहीं निकाली जा सकी और फिर उसे वडोदरा रेफर कर दिया। वहां न्यूरोलॉजिस्ट की देख-रेख में गोली निकाली गई। सुनील अब पूरी तरह स्वस्थ है।

आरोपी ने बड़ी बेटी की शादी की फिर मारी गोली
टीआई पाटीदार के अनुसार आरोपी कोमलसिंह ने बताया कि वह बेटी के लव मैरिज करने के बाद से ही सुनील को गोली मारना चाहता था। लेकिन उसने पहले बड़ी बेटी की शादी की। उसके बाद अपनी परेशानी रिश्ते की बेटी के पति गौरव को बताई तो उसने कहा मेरे पास पिस्टल है। काफी समय पहले मैंने ट्रेन में खरीदी थी। फिर हम दोनों ने मिलकर सुनील को गोली मारने की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। फिर हम भागकर उज्जैन चले गए थे। पुलिस ने पिस्टल भी जब्त की है। बाउंड्रीवॉल में लगी गोली का खोखा और सुनील को लगी गोली पहले ही जब्त कर ली थी।
ससुर चला रहा था एक्टिवा और साथी ने किए फायर
ससुर ने रेलवे स्टेशन के पास रेस्टोरेंट ऑन व्हील के पीछे वाले रास्ते से जब दामाद सुनील निकला तो होटल के वहीं से दोनों ने उसका पीछा शुरू कर दिया था। ससुर कोमलसिंह खुद एक्टिवा चला रहा था और पीछे साथी आरोपी गौरव बैठा था। गौरव ने पीछे से पिस्टल से पहला फायर किया तो नाले की बाउंड्रीवॉल के चद्दर में पहली गोली लगी, दूसरी गोली दामाद की पीठ के निचले हिस्से में लगी और जब दामाद उसकी एक्टिवा समेत गिर गया तो उसके सिर पर अड़ाकर भी गौरव ने तीसरा फायर किया लेकिन गोली फंस गई और चली नहीं और दामाद बच गया। फिर रोड पर आवाजाही देखकर ये दोनों आरोपी भाग निकले थे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



