– परिवार में इकलौता लड़का था, मृतक की चार छोटी हैं बहनें
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज।
खेत पर स्थित कुएं से पानी भरने गए एक 15 वर्षीय किशोर की फिसलने के दौरान डूबने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी आधे घंटे बाद तब पता चली जब मृतक के बड़े पिता (ताऊजी) का लड़का भी उसी कुएं से पानी भरने गया और कुएं के किनारे पानी की केन एवं अन्य बर्तन बाहर देखे। शंका होने पर उसने परिजन को सूचना दी। घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। मृतक परिवार में इकलौता लड़का था। इसकी चार अन्य छोटी बहने हैं।
ग्राम सकरावादा निवासी तोलाराम डोडियार का 15 वर्षीय पुत्र बबलू समीप के ग्राम फूफी रुंडी स्वयं के खेत पर सोयाबीन कटाई के लिए गया था। प्यास लगने पर वह खेत के पास ही मौजूद बिना मुंडेर के कच्चे कुएं से पानी भरने गया था। तभी उसका पैर फिसलने से वह कुएं में जा गिरा। आधे घंटे बाद ही मृतक के बड़े पापा (ताऊजी) का लड़का विक्रम डोडियार भी उसी कुएं पर पानी भरने गया। तब उसे घटना का पता चला। विक्रम ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया की कुएं के बाहर पानी भरने की केन एवं अन्य बर्तन पड़े होने पर शंका हुई तब उसने चाचा दशरथ को अवगत कराया। कुएं के अंदर तैरकर देखने पर बबलू की लाश दिखाई दी। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से शव को कुएं के बाहर निकाल सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित किया।मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


