रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम जिले के ताल तहसील स्थित मालाखेड़ा गांव में एक किसान की चने की फसल जलकर राख हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। किसान गंगा सिंह सोधिया राजपूत ने इस संबंध में ताल थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

तीन बीघे की फसल जलकर राख
गंगा सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने सात बीघा खेत में से तीन बीघे में चने की फसल बोई थी। लगभग पंद्रह दिन पहले फसल काटकर खेत के बीच में एक स्थान पर इकट्ठा कर दी गई थी। रविवार शाम करीब 7 बजे गांव के ही ईश्वर सिंह ने उनके बेटे मंगल सिंह को सूचना दी कि फसल में आग लग गई है।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही गंगा सिंह अपने बेटे और अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक 15 क्विंटल चना जल चुका था, जिससे किसान को लगभग 75 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
आगजनी में साजिश की आशंका
गंगा सिंह ने आशंका जताई है कि यह आग स्वाभाविक रूप से नहीं लगी, बल्कि किसी ने जानबूझकर लगाई है। उन्होंने बताया कि जहां फसल रखी थी, वहां आसपास बिजली के तार भी नहीं थे, जिससे यह संभावना बनती है कि किसी शरारती तत्व ने फसल जलाने की साजिश रची। पुलिस ने किसान की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


