
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिला प्रशासन की मनमानी और हट के चलते आमजन के बाद अब सत्ताधारी पार्टी के जनप्रतिनिधि परेशान होने लगे हैं। रतलाम (Ratlam) में जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई सोमवार रात पति शंभुलाल चंद्रवंशी के साथ कलेक्टर कार्यालय में धरने पर बैठ गईं। आरोप है कि उनके पति को पूरे दिन कलेक्टर ने मिलने का समय नहीं दिया। इसको लेकर दोनों ने कलेक्टर कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठकर विरोध जताया।
शंभुलाल चंद्रवंशी ने बताया कि वे दोपहर करीब 12:30 बजे कलेक्टर से मिलने पहुंचे थे। कुछ प्रशासनिक कामों और सचिवों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी थी। Ratlam जिला पंचायत की सीईओ की तबीयत खराब होने के कारण वे कलेक्टर से मिलने आए थे, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी मुलाकात नहीं हो सकी। उनका कहना है कि वे दोबारा कलेक्टर कार्यालय आए और तीन से चार घंटे तक इंतजार किया, लेकिन तब भी कलेक्टर ने समय नहीं दिया।
“जनप्रतिनिधियों की बात सुनना प्रशासन की जिम्मेदारी”
चंद्रवंशी ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते लोगों की समस्याएं लेकर प्रशासन के पास आना उनका कर्तव्य है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस बारे में उन्होंने पार्टी संगठन को भी जानकारी दे दी है। उनका कहना है कि उनकी शिकायत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक भी पहुंचाई जाएगी।
पति के समर्थन में धरने पर बैठीं अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई ने कहा कि उनके पति को कलेक्टर से मिलने का समय नहीं दिया गया, जबकि जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। इसी के विरोध में वे अपने पति के साथ कलेक्टर कार्यालय में धरने पर बैठ गईं और मामले की शिकायत पार्टी स्तर पर करने की बात कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष के फोन के बाद खत्म हुआ धरना
Ratlam भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय का फोन आने के बाद मामला शांत हुआ। बताया गया कि मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात का समय दिया गया है। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष और उनके पति धरना समाप्त कर अपनी गाड़ी से वहां से रवाना हो गए।
रतलाम प्रशासन का सरकारी पक्ष
Ratlam तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष कलेक्टर से मिलने आई थीं, लेकिन समय अधिक हो जाने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। इससे पहले उनकी अपर कलेक्टर से मुलाकात हो चुकी थी, जहां उन्होंने अपने मुद्दे रखे थे। कलेक्टर से मिलने के लिए उन्हें अगले दिन का समय दे दिया गया है। दिनभर बैठाकर रखने जैसी स्थिति नहीं थी।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


