
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए रतलाम पुलिस (Ratlam Police) ने बेहतर कार्रवाई की है। साइबर सेल ने जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए लोगों को कुल ₹92 लाख 56 हजार की राशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
रतलाम एसपी अमित कुमार (Ratlam SP Amit Kumar) ने बताया कि ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों और साइबर सेल को निर्देश दिए थे कि फ्रॉड से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से और त्वरित कार्रवाई की जाए। निर्देश पर अमल करते हुए प्राप्त शिकायत में कार्रवाई की जा रही है। साइबर सेल को हेल्पलाइन और प्राप्त आवेदनों के माध्यम से मिली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराया गया। इसके बाद विधि अनुसार प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस उनके खातों में जमा कराई गई।
वर्षवार कार्रवाई
1) जुलाई से दिसंबर 2025 तक — ₹51 लाख 89 हजार 424 राशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।
2) जनवरी से फरवरी 2026 तक — ₹40 लाख 66 हजार 632 राशि लौटाई गई।
इस प्रकार कुल ₹92 लाख 56 हजार (बानवे लाख छप्पन हजार रुपये) की राशि फरियादियों को वापस दिलाई गई।
ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
रतलाम एसपी अमित कुमार (Ratlam SP Amit Kumar) ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की राशि को सुरक्षित कराया जा सके।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


