पीड़िता के परिजनों ने आरोपी कर्मचारी के प्राइवेट पार्ट पर लात-घुसों से मारा
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज।
मध्यप्रदेश के सैलाना एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल में अतिथि नर्स के साथ छेड़छाड़ पर परिजनों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस ने पहुंच विवाद को शांत करवाकर दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। शर्मनाक करतूत को अंजाम देने वाले घायल कर्मचारी को जिला मुख्यालय के मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया है।


सैलाना के एकलव्य आदर्श आवासीय केंद्र पर पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजेश परिहार पर वहीं पर पदस्थ अतिथि नर्स ने छेडछाड का गंभीर आरोप लगाया है। कर्मचारी परिहार पर आरोप है कि आए दिन उसके साथ छेड़छाड़ करता रहता है जिससे परेशान होकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। शुक्रवार को नर्स परिजनों को लेकर एकलव्य आवासीय केंद्र पहुंची, जहां आरोपों से घिरे कर्मचारी परिहार के साथ परिजनों ने मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की महिला के साथ आए नाराज परिजनों ने कर्मचारी परिहार के प्राइवेट पार्ट पर लात घुसों से मारा। इससे कर्मचारी परिहार बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे रतलाम मेडिकल रेफर किया। महिला ने कर्मचारी परिहार पर छेडछाड का आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया की उक्त कर्मचारी आए दिन छेड़छाड़ करता था। काफी परेशान होने के बाद उन्होंने सूचना शुक्रवार को परिजनों को दी। सैलाना पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी कर्मचारी परिहार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

